मुंबई के खिलाफ जीत के बाद क्रुणाल पांड्या ने खूब मचाया हल्ला, बेबस होकर देखते रहे गौतम गंभीर
मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में क्रुणाल पांड्या ने की शानदार गेंदबाजी।
अद्यतन - Apr 25, 2022 8:37 pm

24 अप्रैल को जब वानखेड़े स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस की टीम आमने सामने हुई तो फैंस यह उम्मीद लगाए बैठे थे कि इस मैच में मुंबई इंडियंस को इस सीजन की पहली जीत जरूर मिलेगी, लेकिन ऐसा कुछ भी देखने को नहीं मिला और लखनऊ ने इस मैच में 36 रनों से एक बड़ी जीत दर्ज की।
मैच खत्म होने के बाद जहां मुंबई इंडियंस का खेमा बिल्कुल हताश और निराश था, वहीं लखनऊ के खिलाड़ी इस जीत के बाद सातवें आसमान में थे। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लखनऊ के खिलाड़ी खासकर क्रुणाल पांड्या और जेसन होल्डर जमकर जीत का जश्न मना रहे हैं और साथ में गाना भी गा रहे हैं। इस वीडियो में टीम के सभी खिलाड़ी, कोचिंग स्टाफ और मेंटर गौतम गंभीर भी नजर आ रहे हैं।
यहां देखिए लखनऊ का वो जीत के जश्न मनाने का वीडियो
इस मैच में जहां लखनऊ की तरफ से कप्तान केएल राहुल ने शानदार शतकीय पारी खेली वहीं ऑलराउंडर पांड्या ने गेंदबाजी में तीन विकेट झटके और इसी वजह से लखनऊ इस मुकाबले को आसानी से जीतने में कामयाब रही।
कुछ इस तरह से रहा लखनऊ और मुंबई के बीच हुए मैच का हाल
इस मैच की बात की जाए तो लखनऊ सुपरजाइंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 168 रनों का टारगेट मुंबई इंडियंस को दिया। जिसमें कप्तान केएल राहुल ने 103 रनों की नाबाद पारी खेली। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज ज्यादा रन नहीं बना पाया। इसके बाद मुंबई इंडियंस 20 ओवर में केवल 132 रन बना पाई, जिसके चलते लखनऊ ने 36 रनों से यह मैच अपने नाम कर लिया।
इसके साथ ही मुंबई इंडियंस 8 हार के साथ प्वाइंट्स टेबल पर आखरी नंबर पर है और इस सीजन के लिए वो प्लेऑफ की रेस से भी बाहर हो चुकी है। तो वहीं, लखनऊ सुपरजाइंट्स आठ में से पांच मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल पर चौथे नंबर पर काबिज है।