विराट कोहली के साथ बाबर आजम की तुलना को लेकर वसीम अकरम ने सुनाया लंबा-चौड़ा भाषण
वसीम अकरम ने विराट कोहली की उनके फॉर्म को लेकर भारतीय फैंस और मीडिया द्वारा की जा रही आलोचना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
अद्यतन - Aug 24, 2022 12:54 pm

भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली फिलहाल खराब दौर से गुजर रहे हैं और करीब पिछले तीन वर्षों से खेल के तीनो प्रारूपों में रनों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम बल्ले के साथ अपने चरम फॉर्म पर हैं और खेल के सभी प्रारूपों में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस बीच, दोनों खिलाड़ियों के बीच अक्सर तुलना की जाती है, जिस तरह से वे अपने-अपने देश के लिए रन बनाते हैं। हालांकि, पाकिस्तान के महान क्रिकेटर वसीम अकरम का मानना है कि विराट कोहली सर्वकालिक महान बल्लेबाजों में से एक हैं, और इस समय बाबर आजम की तुलना उनके साथ करना सही नहीं है, ये जल्दबाजी होगी।
इस समय बाबर की तुलना कोहली से करना जल्दबाजी होगी: वसीम अकरम
वसीम अकरम ने स्टार स्पोर्ट्स की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा: “मैं सबसे पहले ये कहना चाहूंगा कि जिस तरह भारतीय फैंस और मीडिया विराट कोहली की उनके फॉर्म को लेकर आलोचना कर रहे है, वो बिल्कुल अनुचित है। विराट न केवल आधुनिक युग के लीजेंड है, बल्कि सर्वकालिक महानतम खिलाड़ियों में से एक हैं।
उसकी फिटनेस अभी भी बेहद शानदार है, वह अभी भी भारतीय टीम के सर्वश्रेष्ठ फील्डरों में से एक हैं। कहते हैं न क्लास हमेशा के लिए होती है और वह विराट कोहली है। मैं उम्मीद करता हूं कि वह एशिया कप 2022 में पाकिस्तान के खिलाफ फॉर्म में वापस न आए, लेकिन मुझे पूरा विश्वास है कि वह जल्द फॉर्म में वापसी करेगा।”
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान ने आगे कहा: “मुझे लगता है तुलनाएं स्वाभाविक हैं, क्योंकि बाबर ने खेल के तीनो प्रारूपों में लगातार रन बनाए हैं, और उसके पास सही तकनीक है। वह बहुत फिट है, और उसमे रनों की बहुत ज्यादा भूख है। वह अभी भी एक युवा कप्तान है, लेकिन बहुत तेजी से चीजें सीख रहा है।
हालांकि, विराट से बाबर की तुलना करना फिलहाल जल्दबाजी होगी। विराट कोहली इस समय जिस मुकाम पर हैं, वहां पहुंचने के लिए बाबर ने सही रास्ता पकड़ लिया है, लेकिन वह अभी वहां नहीं पहुंचा है। इस समय बाबर की तुलना कोहली से करना जल्दबाजी होगी। लेकिन मैं यह जरूर कहूंगा कि बाबर आधुनिक युग के महान क्रिकेटरों में से एक बनने के लिए बिल्कुल सही रास्ते पर है।”