टी-20 वर्ल्ड कप 2022: आकाश चोपड़ा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहम्मद शमी के प्रदर्शन से प्रभावित होकर टीम इंडिया पर साधा निशाना - क्रिकट्रैकर हिंदी

टी-20 वर्ल्ड कप 2022: आकाश चोपड़ा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहम्मद शमी के प्रदर्शन से प्रभावित होकर टीम इंडिया पर साधा निशाना

मोहम्मद शमी भारत के टी-20 वर्ल्ड कप 2022 स्क्वॉड में चोटिल जसप्रीत बुमराह की जगह आए हैं।

Aakash Chopra and Mohammad Shami (Image Source: Twitter/Getty Images)
Aakash Chopra and Mohammad Shami (Image Source: Twitter/Getty Images)

अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने लंबे समय तक खेल के सबसे छोटे प्रारूप में हिस्सा नहीं लेने के बावजूद 17 अक्टूबर को गाबा में ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच खेले गए आईसीसी पुरुष टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के अभ्यास मैच में शानदार प्रदर्शन कर T20I क्रिकेट में दमदार वापसी की। मोहम्मद शमी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक ओवर में केवल चार रन देते हुए तीन विकेट लेकर टीम इंडिया को यह अभ्यास मैच छह रनों से जीतने में मदद की थी।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अभ्यास मैच में अंतिम ओवर में 11 रनों का सफलतापूर्वक बचाव करने के बाद, शमी की पूर्व क्रिकेटरों और प्रशंसकों द्वारा काफी सराहना की जा रही है, और अब इस लिस्ट में आकाश चोपड़ा का नाम भी शामिल हो गया है। उन्होंने कहा शमी टीम इंडिया की उम्मीदों पर बिल्कुल खरे उतरे।

मोहम्मद शमी भारत की डेथ ओवरों की समस्याओं का जवाब हो सकते हैं:

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर ने कहा है कि अनुभवी तेज गेंदबाज ने अपने इस शानदार प्रदर्शन से साबित कर दिया है कि वह भारत के टी-20 वर्ल्ड कप 2022 स्क्वॉड में चोटिल जसप्रीत बुमराह की जगह क्यों आए हैं। उन्होंने कहा शमी भारतीय क्रिकेट टीम की डेथ ओवरों की समस्या का समाधान हो सकते है।

आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा: “भारत ने मोहम्मद शमी से सिर्फ छह गेंदें डलवाई, जिससे हम सभी हैरान थे, क्योंकि वार्म-अप मैचों का इस्तेमाल आम तौर पर अलग-अलग चीजों को आजमाने और अपने खिलाड़ियों को मौका देने के लिए किया जाता है। हम सभी उम्मीद कर रहे थे कि शमी को एक से अधिक ओवर मिलेंगे, लेकिन कप्तान रोहित शर्मा ने ऐसा नहीं किया। ऐसा लग रहा था कि जब ऑस्ट्रेलिया को छह गेंदों पर 11 रन चाहिए थे, तो भारत मैच हार जाएगा।

लेकिन फिर, शमी आए और यॉर्कर के बाद यॉर्कर फेंकी। उन्होंने सिर्फ एक शॉर्ट गेंद फेंकी, बाकी सभी यॉर्कर थे, और सारा खेल पलट दिया। मोहम्मद शमी को दुनिया को यह दिखाने में सिर्फ छह गेंदें लगीं कि वह क्या चीज हैं। उन्होंने अपनी काबिलियत और प्रदर्शन से दुनिया को बताया कि भले ही जसप्रीत बुमराह नहीं है, लेकिन मैं यहां हूं। उन्होंने दिखाया कि वह भारत की डेथ ओवरों की समस्याओं का जवाब हो सकते हैं, और वह 20वें ओवर में भी गेंदबाजी कर सकते हैं।”

close whatsapp