IPL 2024: PBKS के खिलाफ GT के स्पिनर्स का बेहतरीन प्रदर्शन रहा मैच का टर्निंग प्वाइंट
गुजरात टाइटंस की ओर से इस मैच में स्पिनर्स ने कुल 7 विकेट लिए।
अद्यतन - अप्रैल 21, 2024 11:53 अपराह्न

आज यानी 21 अप्रैल को चंडीगढ़ में खेले गए आईपीएल 2024 के बेहतरीन मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने पंजाब किंग्स को 3 विकेट से करारी शिकस्त दी। पंजाब किंग्स के बल्लेबाज इस मैच में अच्छी बल्लेबाजी करने में नाकाम रहे और इसी वजह से मेजबान को हार का सामना करना पड़ा। गुजरात टाइटंस की ओर से टीम के स्पिनर्स ने जबरदस्त गेंदबाजी करते हुए अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
बता दें, गुजरात टाइटंस की ओर से इस मैच में स्पिनर्स ने कुल 7 विकेट लिए। आर साई किशोर ने चार ओवर में 33 रन देकर चार विकेट झटके जबकि नूर अहमद ने चार ओवर में 20 रन देकर दो विकेट हासिल किए। राशिद खान ने भी एक विकेट झटका। गुजरात के स्पिनर्स ने इस मैच में काफी अच्छी गेंदबाजी की थी और उन्होंने पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों के ऊपर दबाव बनाया हुआ था।
यही वजह है कि पंजाब किंग्स इस मैच में गुजरात के खिलाफ बड़ा स्कोर नहीं बना पाया और मैच हार गया। पंजाब किंग्स की ओर से सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों में 3 चौके और 3 छक्कों की मदद से 35 रनों की बहुमूल्य पारी खेली। प्रभसिमरन सिंह के अलावा कप्तान सैम करन 20 रनों का योगदान दिया। हरप्रीत बरार ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की और 12 गेंदों में 4 चौके और 1 छक्के की मदद से 29 रनों की आक्रामक पारी खेली जबकि हरप्रीत सिंह ने 14 रन बनाए।
गुजरात टाइटंस के बल्लेबाजों ने भी दिखाया अपना दम
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत इतनी अच्छी नहीं रही और विकेटकीपर बल्लेबाज रिद्धिमान साहा 13 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए। हालांकि इसके बाद कप्तान शुभमन गिल ने काफी अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 35 रनों की बेहतरीन पारी खेली। कप्तान गिल के अलावा साईं सुदर्शन ने 31 रन बनाए। इन दोनों ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की और गुजरात टाइटंस के लिए महत्वपूर्ण रन बनाए।
अंत में गुजरात टीम की ओर से राहुल तेवतिया ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की और 36* रनों की मैच विनिंग पारी खेली। पंजाब की ओर से हर्षल पटेल ने 3 विकेट झटके। जबकि अर्शदीप सिंह और कप्तान सैम करन ने 1-1 विकेट हासिल किया। लियम लिविंगस्टोन ने दो विकेट झटके।