सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली की शानदार पारी के दम पर भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को तीसरे टी-20 मैच में दी 6 विकेट से मात और सीरीज की अपने नाम - क्रिकट्रैकर हिंदी

सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली की शानदार पारी के दम पर भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को तीसरे टी-20 मैच में दी 6 विकेट से मात और सीरीज की अपने नाम

सूर्यकुमार यादव ने इस मुकाबले में सिर्फ 36 गेंदों में 69 रनों की शानदार पारी खेली।

Virat Kohli & SuryKumar Yadav (Photo Source: Twitter/BCCI)
Virat Kohli & SuryKumar Yadav (Photo Source: Twitter/BCCI)

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच में खेली जा रही 3 मैचों की टी-20 सीरीज का आखिरी मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया जिसमें भारतीय टीम ने 6 विकेट से मैच जीतने के साथ सीरीज को भी 2-1 से अपने नाम कर लिया। इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 186 रन बनाए जिसमें कैमरन ग्रीन ने 52 जबकि टिम डेविड ने 54 रनों की पारी खेली।

वहीं इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत तो खराब देखने को मिली लेकिन सूर्यकुमार यादव के 69 और विराट कोहली की 63 रनों की शानदार पारी के दम पर टीम इंडिया ने इस लक्ष्य को 19.5 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। इसके साथ ही उन्होंने इस सीरीज को भी 2-1 से अपने नाम किया।

कैमरन ग्रीन और टिम डेविड की पारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने खड़ा किया बड़ा स्कोर

भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने इस मुकाबले में टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया की तरफ से पारी की शुरुआत करने उतरे कप्तान ऐरन फिंच और कैमरन ग्रीन ने काफी आक्रामक शुरुआत की जिसमें दोनों के बीच में पहले विकेट के लिए 44 रनों की साझेदारी देखने को मिली। जिसके बाद फिंच 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए वहीं ग्रीन ने एक छोर से तेजी के साथ रन बनाने का सिलसिला जारी रखा।

जिससे ग्रीन ने अपना अर्धशतक भी जल्द ही पूरा कर लिया लेकिन 52 के निजी स्कोर पर वह भी पवेलियन लौट गए। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले 6 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 66 रन बनाने में कामयाब हो सकी। हालांकि इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने मैच में वापसी करते हुए जल्द ही ऑस्ट्रेलिया को कुछ और झटके देने का काम किया। 117 के स्कोर तक ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने 6 विकेट गंवा चुकी थी।

लेकिन इसके बाद टिम डेविड ने डेनियल सैम्स के साथ मिलकर टीम की वापसी कराते हुए तेजी के साथ रन बनाए और स्कोर को 186 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। टिम ने 27 गेंदों में 54 रनों की शानदार पारी खेली जबकि भारतीय टीम की तरफ से गेंदबाजी में अक्षर पटेल ने 3 विकेट अपने नाम किए।

सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली की पारी के दम पर भारतीय टीम ने दर्ज की जीत

187 के स्कोर का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब देखने को मिली जिसमें टीम ने अपना पहला विकेट लोकेश राहुल के रूप में 5 के स्कोर पर गिर गया। इसके बाद कप्तान रोहित शर्मा ने एक छोर से तेजी के साथ रन बनाने का सिलसिला शुरू किया लेकिन वह भी 17 रन बनाकर आउट हो गए। जिससे भारतीय टीम पहले 6 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 50 रन तक पहुंचने में कामयाब हो सकी।

विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव के बीच में तीसरे विकेट के लिए 100 से अधिक रनों की साझेदारी देखने को मिली जिससे भारतीय टीम की पकड़ पूरी तरह से इस मैच में मजबूत हो चुकी थी। हालांकि सूर्यकुमार यादव 36 गेंदों में 69 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौट गए लेकिन कोहली ने इसके बाद हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर टीम को जीत की तरफ लेकर जाने का काम किया। कोहली के बल्ले से 48 गेंदों में 63 रनों की पारी देखने को मिली जबकि हार्दिक ने 25 रनों की नाबाद पारी खेली।

यहां पर देखिए भारतीय टीम की जीत पर सोशल मीडिया पर सभी ने किस तरह से दी अपनी प्रतिक्रिया:

https://twitter.com/Aaliya_Zain5/status/1574085318550073344?s=20&t=GzhLx0LRFXuba8ESH5eXhg

https://twitter.com/asitwas_18/status/1574084722719801344?s=20&t=GzhLx0LRFXuba8ESH5eXhg

close whatsapp