ललित यादव और अक्षर पटेल ने दिखाया बल्ले से कमाल तो दिल्ली कैपिटल्स ने दी मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से मात - क्रिकट्रैकर हिंदी

ललित यादव और अक्षर पटेल ने दिखाया बल्ले से कमाल तो दिल्ली कैपिटल्स ने दी मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से मात

ललित यादव और अक्षर पटेल के बीच में 7वें विकेट के लिए मैच विनिंग 75 रनों की साझेदारी देखने को मिली।

Axar Patel and Lalit Yadav. (Photo Source: IPL/BCCI)
Axar Patel and Lalit Yadav. (Photo Source: IPL/BCCI)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 सीजन की शुरुआत होने के साथ ही रोमांचक मैचों का सिलसिला भी शुरू हो गया है। जिसमें दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच में खेले गए सीजन के दूसरे मुकाबले में दोनों ही टीमों की तरफ से शानदार प्रदर्शन देखने को मिला और अंत में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने 4 विकेट से जीत दर्ज करते हुए सीजन की शुरुआत बेहद शानदार तरीके से की। जिसमें कुलदीप यादव ने जहां गेंद से कमाल दिखाया तो वहीं बल्ले से ललित यादव और अक्षर पटेल ने दिल्ली को जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की।

इशान किशन ने बल्ले से मुंबई को पहुंचाया एक बेहतर स्कोर तक

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान रिषभ पंत ने इस मुकाबले में टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जिसके बाद मुंबई इंडियंस की तरफ से पारी की शुरुआत कप्तान रोहित शर्मा और इशान किशन ने की जिसमें दोनों ने मिलकर पहले 6 ओवरों में टीम का स्कोर 53 रनों तक पहुंचा दिया। इसके बाद मुंबई की टीम को पहला झटका 67 के स्कोर पर कप्तान रोहित शर्मा के रूप में लगा जो 41 के निजी स्कोर पर कुलदीप यादव का शिकार बने। वहीं इसके बाद 83 के स्कोर पर टीम को दूसरा झटका भी कुलदीप ने देने का काम किया।

लेकिन इशान किशन लगातार एक छोर से टीम की पारी को आगे बढ़ाने का सिलसिला जारी रखे हुए थे, जिसमें तिलक वर्मा का जरूर थोड़ा साथ मिला। इसके अलावा अन्य बल्लेबाज उस तरह से किशन का साथ देने में कामयाब नहीं हो सके। जिसके बाद मुंबई इंडियंस की टीम 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 177 रन बनाने में कामयाब रही। इशान किशन के बल्ले से जहां 48 गेंदों में 81 रनों की नाबाद शानदार पारी देखने को मिली वहीं दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से गेंदबाजी में कुलदीप यादव ने 3 जबकि खलील अहमद ने 2 विकेट हासिल किए।

अक्षर और ललित ने दिलाई नामुमकिन जीत

178 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स टीम को 30 के स्कोर पर पहला झटका लगा लेकिन इसके बाद 32 के स्कोर तक टीम 3 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से पृथ्वी शॉ और ललित यादव ने मिलकर टीम की पारी को संभालने का काम किया और स्कोर को 72 रनों तक पहुंचाया। जिसके बाद शॉ भी 24 गेंदों में 38 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौट गए।

104 के स्कोर तक दिल्ली कैपिटल्स की टीम अपने 6 विकेट गंवा चुकी थी और यहां से उनका मैच में जीत हासिल करना एकदम नामुमकिन लग रहा था। लेकिन ललित यादव और अक्षर पटेल ने मिलकर रनों की गति को तेज रखने के साथ लगातार मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखने का भी काम किया। जिसके बाद दोनों के बीच में 75 रनों की मैच विनिंग साझेदारी हुई और दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने इस लक्ष्य को 6 विकेट के नुकसान पर 18.2 ओवरों में हासिल कर लिया। ललित यादव ने जहां 38 गेंदों में नाबाद 48 रनों की पारी खेली वहीं अक्षर पटेल ने 17 गेंदों में नाबाद 38 रन बनाए।

यहां पर देखिए दिल्ली कैपिटल्स की जीत पर सोशल मीडिया पर सभी ने दी क्या प्रतिक्रिया:

https://twitter.com/Rebel_notout/status/1508077456242139136

https://twitter.com/Yorker_Gawd/status/1508072190394073089

https://twitter.com/Meme_Canteen/status/1508067714891325443

https://twitter.com/CRICOSOME/status/1508054981752274944

close whatsapp