टी-20 वर्ल्ड कप 2022: पहले ही मैच में नामीबिया ने किया बड़ा उलटफेर, श्रीलंका को दी करारी शिकस्त - क्रिकट्रैकर हिंदी

टी-20 वर्ल्ड कप 2022: पहले ही मैच में नामीबिया ने किया बड़ा उलटफेर, श्रीलंका को दी करारी शिकस्त

पहले बल्लेबाजी करते हुए नामीबिया ने बनाए थे 163 रन।

SL v NAM (Image Source: Getty Images)
SL v NAM (Image Source: Getty Images)

आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 का पहला मुकाबला आज श्रीलंका और नामीबिया के बीच जिलॉन्ग स्थित साइमंड्स स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में श्रीलंका क्रिकेट टीम को नामीबिया के खिलाफ 55 रनों से हार का सामना करना पड़ा। नामीबिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 163 रन का स्कोर बनाया और फिर श्रीलंकाई टीम को 19 ओवर में 108 रन पर ऑलआउट कर दिया।

नामीबिया के लिए यान फ्रेलिंक और जेजे स्मिट ने खेली अच्छी पारी

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी नामीबिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम के दोनों ओपनर माइकल वैन लिंगेन (3) और डिवान ला कॉक (9) सस्ते में पवेलियन लौट गए। इसके बाद यान निकोल लोफ्टी-ईटन भी 20 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। कप्तान गेरहार्ड इरास्मस भी 20 रन बनाकर वानिन्दु हसरंगा का शिकार बने। वहीं स्टीफन बार्ड ने 26 रन बनाए।

डेविड वीजे अपना खाता भी नहीं खोल पाए। उनके आउट होने के बाद यान फ्रेलिंक और जेजे स्मिट ने तेज गति से रन बनाए और सातवें विकेट के लिए 33 गेंदों में 69 रनों की अहम साझेदारी की। फ्राईलिंक ने 28 गेंदों में चार चौके की मदद से 44 रन बनाए। वहीं स्मिट ने 16 गेंदों में दो चौके और दो छक्के की मदद से 31 रनों की पारी खेली। श्रीलंका की ओर से प्रमोद मदुशन ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए।

नामीबिया के गेंदबाजों के सामने पस्त हुए श्रीलंकाई बल्लेबाज

164 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। महज 21 के स्कोर तक श्रीलंका के तीन बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। कुसल मेंडिस 6, पथुम निसंका 9 और दनुष्का गुनातिलका बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट हुए। इसके बाद धनंजय डी सिल्वा भी 11 गेंदों में 12 रन बनाकर चलते बने।

यहां से कप्तान दसुन शनाका और भानुका राजपक्षे ने श्रीलंका को जीत दिलाने की कोशिश की लेकिन दोनों पांचवें विकेट के लिए 34 रन ही जोड़ पाए। इस साझेदारी के आउट होने के बाद श्रीलंकाई टीम लगातार विकेट गंवाती रही और पूरी टीम 19 ओवर में ही ऑलआउट हो गई। श्रीलंका की ओर से शनाका ने सबसे ज्यादा 29 रन बनाए।

मैच के बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने दिए कुछ ऐसे रिएक्शन

close whatsapp