शादाब खान ने 24 करोड़ पाकिस्तानी लोगों के इमोशन के साथ खिलवाड़ किया है: उमर गुल
पाकिस्तान टीम की बात की जाए तो यह उनकी लगातार चौथी हार है।
अद्यतन - अक्टूबर 28, 2023 6:34 अपराह्न

27 अक्टूबर को खेले गए आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के 26वें मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्तान को एक विकेट से हराया। दक्षिण अफ्रीका के सभी खिलाड़ियों ने इस मैच में काफी अच्छा प्रदर्शन किया और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
पाकिस्तान टीम की बात की जाए तो यह उनकी लगातार चौथी हार है। टीम ने इस मैच में अच्छी वापसी की थी लेकिन अंत में दक्षिण अफ्रीका ने अच्छा क्रिकेट खेला और इस मैच को अपने नाम किया। हालांकि पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज उमर गुल शादाब खान से बिल्कुल भी खुश नहीं है। उनके मुताबिक शादाब खान को इस महत्वपूर्ण मैच में मैदान छोड़कर वापस नहीं जाना चाहिए था।
बता दें, दक्षिण अफ्रीका की पारी के पहले ही ओवर में फील्डिंग के दौरान शादाब खान को चोट लग गई थी जिसके बाद उन्हें मैदान छोड़कर बाहर जाना पड़ा था। उमर गुल ने टीवी चैनल पर कहा कि, ‘मुझे नहीं लगता कि शादाब को कोई गंभीर चोट आई थी। जब एक या दो विकेट बचे थे तब वो बाहर जाकर केमरे में चीयर कर रहे थे और अपनी टीम के लिए ताली बजा रहे थे। इसका मतलब यह है कि आप 24 करोड़ पाकिस्तानी लोगों के इमोशन के साथ खेल रहे थे। यह बिल्कुल भी मजाक की बात नहीं है।’
मैंने देखा है कि जब टीम को जरूरत पड़ी है खिलाड़ियों ने टूटे हाथ के साथ भी मैच खेला है: उमर गुल
पूर्व खिलाड़ी ने आगे कहा कि, ‘हमें नहीं पता कि यह चोट कितनी गंभीर थी और किसने शादाब को मैदान से बाहर जाने को कहा था? जिस तरीके से शादाब खान डगआउट में बैठे हुए थे उसको देखकर सभी लोग यही कह रहे थे कि उन्हें भी इस मैच में वापसी करनी चाहिए थी।
मैंने ऐसे कई खिलाड़ियों को देखा है जो टूटे हाथ के साथ खेले हैं। उन्होंने बल्लेबाजी भी की है और टीम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका भी निभाई है।’