IPL 2024 ट्रॉफी जीतने के बाद पहली बार घर पहुंचे वैभव अरोड़ा का गृहनगर अंबाला में हुआ जोरदार स्वागत
इस दौरान ढोल-नगाड़े भी बजे और आतिशबाजी भी हुई
अद्यतन - जून 1, 2024 2:52 अपराह्न

हाल ही में आईपीएल 2024 का समापन हुआ, जहां कोलकाता नाइट राइडर्स ने तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। फाइनल में श्रेयस अय्यर की टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद को 8 विकेट से हराया था। केकेआर के ट्रॉफी जीतने के बाद खिलाड़ियों में गजब का उत्साह दिखा।
वहीं अब केकेआर के चैंपियन बनने के बाद तेज गेंदबाज वैभव अरोड़ा (Vaibhav Arora) का उनके गृहनगर अंबाला पहुंचने पर गर्मजोशी के साथ स्वागत हुआ है। इस दौरान लोगों ने उन्हें कंधों पर उठा लिया और माला पहनाकर स्वागत किया। इसके अलावा ढोल-नगाड़े भी बजे और आतिशबाजी भी हुई।
वैभव अरोड़ा ने फाइनल में ट्रैविस हेड को डक पर भेजा था पवेलियन
KKR के तीसरी बार खिताब जीतने में वैभव अरोड़ा (Vaibhav Arora) ने अहम योगदान दिया। उन्होंने 10 मैचों में 11 विकेट चटकाए। आईपीएल 2024 के फाइनल में वैभव अरोड़ा ने सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज ट्रैविस हेड को बिना खाता खोले ही पवेलियन भेज दिया था। इसके बाद केकेआर के गेंदबाजों ने SRH को बैकफुट पर धकेल दिया था।
इससे पहले 26 वर्षीय खिलाड़ी ने SRH के खिलाफ क्वालीफायर-1 के दौरान अभिषेक शर्मा का बड़ा विकेट लिया था और एक बार फिर महत्वपूर्ण मुकाबले में अपनी टीम के लिए नई गेंद से माहौल तैयार किया था। अरोड़ा ने सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ दर्ज किया था, जहां उन्होंने अपने चार ओवरों के स्पैल में 27 रन देकर तीन विकेट हासिल किए थे।
फाइनल मुकाबले की बात करें तो पूरे सीजन दमदार बल्लेबाजी करने वाली हैदराबाद की टीम सिर्फ 113 रन पर सिमट गई। जवाब में केकेआर ने वेंकटेश अय्यर के नाबाद 52* रनों की बदौलत केवल 10.3 ओवर में लक्ष्य का पीछा कर लिया। इस तरह कोलकाता ने 8 विकेट से जीत दर्ज कर अपनी तीसरी आईपीएल ट्रॉफी जीती।