वीडियो: वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वार्म अप मैच हारने के बाद विराट और हार्दिक के बीच मैदान पर हुई लंबी बातचीत
वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वार्म अप मैच में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा।
अद्यतन - Oct 15, 2022 2:10 pm

13 अक्टूबर को पर्थ में भारतीय टीम ने अपना दूसरा वॉर्म अप मुकाबला वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। उस मुकाबले में टीम इंडिया को 36 रनों से करारी शिकस्त मिली। इस मैच में विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव टीम का हिस्सा नहीं थे। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में विराट और हार्दिक काफी देर तक एक दूसरे से बातचीत करते हुए नजर आ रहे हैं।
बता दें, वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वार्म आप मैच में मिली हार के बाद हार्दिक पांड्या और विराट कोहली को बाउंड्री लाइन के पास लगभग 20 मिनट तक आपस में बातचीत करते हुए देखा गया।
भले ही विराट कोहली ने वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दोनों ही वॉर्म अप मुकाबलों में हिस्सा ना लिया हो लेकिन उन्होंने नेट्स में जमकर अभ्यास किया। विराट कोहली इस मुख्य टूर्नामेंट के लिए नेट्स में कड़ी मेहनत कर रहे हैं और सभी भारतीय फैंस को उनसे काफी उम्मीदें हैं।
बता दें, प्रसिद्ध भारतीय पत्रकार विमल कुमार ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो साझा किया है जिसमें विराट कोहली और हार्दिक पांड्या आपस में बातचीत करते हुए नजर आ रहे हैं। तमाम लोगों को यही लग रहा है कि विराट कोहली भारतीय ऑलराउंडर को ऑस्ट्रेलिया की परिस्थितियों में बल्लेबाजी करने को लेकर टिप्स दे रहे हैं।
दूसरे वॉर्म अप मैच में केएल राहुल ने जड़ा शानदार अर्धशतक
दूसरे वॉर्मअप मैच की बात की जाए तो, वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 168 रन बनाए। निक हॉब्सन ने 41 गेंदों में 64 रन की शानदार पारी खेली, वहीं भारतीय टीम की ओर से अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने 1 ही ओवर में 3 विकेट अपने नाम किए। अर्शदीप सिंह ने भी दूसरे वॉर्मअप मैच में काफी अच्छी गेंदबाजी की।
जवाब में भारतीय टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 132 रन ही बना पाई। इस मैच में भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे केएल राहुल ने 55 गेंदों में 74 रन की बेहतरीन पारी खेली। उनके अलावा हार्दिक पंड्या ने 17 रन और दिनेश कार्तिक ने 10 रन बनाए।
ऋषभ पंत एक बार फिर ओपनिंग में फेल रहे। उन्होंने 11 गेंदों में महज 9 रन बनाए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे दीपक हुड्डा मात्र 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। टीम को इस मुख्य टूर्नामेंट का अपना पहला मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ 23 अक्टूबर को मेलबर्न में खेलना है।