IND vs NZ: बेंगलुरु टेस्ट में 53 रन बनाते ही विराट कोहली हासिल कर लेंगे ये खास उपलब्धि
पिछले काफी समय से टेस्ट क्रिकेट में बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं विराट कोहली।
अद्यतन - Oct 15, 2024 1:32 pm

भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली पिछले कुछ समय से टेस्ट क्रिकेट में बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में फैंस कोहली से बड़ी पारी की उम्मीद कर रहे हैं। पिछली आठ पारियों में उनके बल्ले से सिर्फ एक अर्धशतक निकला है। वो भी उन्होंने 2023 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ लगाया था।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 16 अक्टूबर से शुरू होने वाले पहले मैच में विराट कोहली के पास टेस्ट फॉर्मेट में नौ हजार रन पूरा करने का मौका होगा। विराट टेस्ट क्रिकेट में 9,000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने से महज कुछ ही कदम दूर हैं। 16 अक्टूबर से चिन्नास्वामी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाले पहले टेस्ट में विराट कोहली को नौ हजार रन पूरे करने के लिए 53 रनों की जरूरत है।
अगर वह ऐसा करने में कामयाब होते हैं, तो वह टेस्ट में नौ हजार से अधिक रन बनाने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। विराट से पहले सचिन, द्रविड़ और सुनील गावस्कर ये कारनामा कर चुके हैं। वह टेस्ट में नौ हजार या उससे अधिक रन बनाने वाले 18वें बल्लेबाज भी बन जाएंगे।
टेस्ट क्रिकेट में सात दोहरे शतक लगा चुके हैं विराट कोहली
भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने अब तक अपने टेस्ट करियर में 115 मैच खेलते हुए 8947 रन बनाए हैं, जिसमें 29 शतक और सात दोहरे शतक शामिल हैं। उन्होंने 30 अर्धशतक भी लगाए हैं। उनका बेस्ट स्कोर 254 है। बता दें कि भारत तीन मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज के बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पाए जाएगा। जहां दोनों टीमों के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर विराट का फॉर्म में होना काफी जरूरी होगा।
वहीं न्यूजीलैंड सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के कोच गौतम गंभीर ने विराट कोहली की तारीफ करते हुए कहा है कि, उनमें रनों की भूख पहले की तरह ही बरकारार है एवं खेल के टॉप पर एक दशक से अधिक समय के बाद भी बल्ले से रन बनाने की उनकी इच्छा कम नहीं हुई है।