“रोहित और विराट करें ओपनिंग”- यशस्वी जायसवाल के खराब फॉर्म को देखकर बोले पूर्व दिग्गज
आईपीएल 2024 में यशस्वी जायसवाल का प्रदर्शन काफी साधारण रहा।
अद्यतन - मई 16, 2024 3:56 अपराह्न

आईपीएल 2024 के ठीक बाद टी-20 वर्ल्ड कप 2024 का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए बीसीसीआई ने स्क्वॉड का ऐलान किया है, जिसमें रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल और विराट कोहली को टॉप ऑर्डर बल्लेबाज के रूप में जगह दी है। इस स्क्वॉड को देखने के बाद सभी के मन में एक सवाल है कि, वर्ल्ड कप में भारत के लिए ओपनिंग करेगा।
हालांकि बोर्ड ने जिस तरह का स्क्वॉड का चयन किया है, उसको देखकर फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट का मानना है कि, रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल भारत के लिए ओपनिंग करेंगे, जबकि विराट कोहली नंबर तीन पर बल्लेबाजी करेंगे। लेकिन यशस्वी जायसवाल जिस तरह के खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं, उसको देखते हुए पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर ने टीम इंडिया के लिए अलग ओपनिंग जोड़ी का नाम सुझाया है।
वर्ल्ड कप में विराट कोहली और रोहित शर्मा को ओपनिंग करना चाहिए- इरफान पठान
इरफान पठान ने स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए कहा, “यह चिंता का एक बड़ा विषय है क्योंकि मेरा मानना है कि यशस्वी जयसवाल को वर्ल्ड कप में शुरुआत करनी चाहिए क्योंकि वह बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। इसलिए विरोधी टीम बाएं हाथ के स्पिनर के साथ शुरुआत नहीं करेगी। अगर यशस्वी फॉर्म में होंगे तो वह ऐसा करने से थोड़ा झिझकेंगे।
हालांकि, इस फॉर्म में, टीम दो बार सोचेगी। टीम सोचेगी कि क्या उन्हें रोहित शर्मा के साथ फॉर्म में चल रहे विराट कोहली के साथ ओपनिंग करनी चाहिए, या यशस्वी जयसवाल के साथ जाना चाहिए, जो युवा और अनुभवहीन हैं। ऐसे में उनका फॉर्म में आना बेहद जरूरी है।”
पठान ने आगे कहा कि, “यशस्वी के लिए अच्छी बात यह है कि उन्हें मौके मिलेंगे क्योंकि उनकी टीम क्वालीफाई कर चुकी है और अगर वे शीर्ष दो में जगह बनाते हैं तो उन्हें और मौके मिलेंगे। इसे ध्यान में रखते हुए, यशस्वी के लिए कुछ सकारात्मक बातें हैं, लेकिन यह फॉर्म राजस्थान रॉयल्स को भी काफी परेशान करेगा।” जायसवाल ने अभी तक खेले 13 मुकाबलों में 29.00 की औसत से अभी तक 348 रन बनाए हैं।