IND vs PAK: रनआउट से तो बच गए विराट कोहली लेकिन मौके को अच्छी तरह से भुना नहीं पाए भारतीय बल्लेबाज
इस महत्वपूर्ण मुकाबले में भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और 18 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 16 रन बनाकर आउट हो गए।
अद्यतन - अक्टूबर 14, 2023 7:00 अपराह्न

इस समय भारत और पाकिस्तान के बीच आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 का बेहतरीन मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस महत्वपूर्ण मुकाबले में भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और 18 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 16 रन बनाकर आउट हो गए। विराट कोहली का विकेट हसन अली ने लिया।
बता दें, इससे पहले विराट कोहली को एक जीवनदान भी मिला था लेकिन वो इसका फायदा बिल्कुल भी नहीं उठा पाए। दरअसल भारतीय पारी के 9वें ओवर में रोहित शर्मा ने हल्के हाथों से गेंद खेली थी और वो रन के लिए भाग गए थे। हालांकि विराट कोहली गेंद को ही देखते रहे और उन्होंने रन के लिए पहले मना कर दिया।
तब तक रोहित शर्मा आधी क्रीज तक पहुंच गए थे। हालांकि फील्डर गेंद को सही तरीके से पकड़ नहीं पाए और इतनी देर में विराट कोहली भी रन के लिए भाग गए। फील्डर भी गेंद को विकेट की ओर नहीं फेक पाया और विराट कोहली रनआउट होते-होते बाल-बाल बचें। हालांकि इसके बाद विराट कोहली को हंसते हुए देखा गया। अगला ओवर हसन अली लेकर आए और उनकी छोटी गेंद पर विराट कोहली आउट हो गए। वो इस मौके को भुना नहीं पाए।
भारत को पाकिस्तान के खिलाफ मैच जीतने के लिए 192 रनों की जरूरत है
पाकिस्तानी टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 42.5 ओवरों में 191 रनों पर ऑलआउट हो गई। कप्तान बाबर आजम ने सर्वाधिक 50 रन की पारी टीम के लिए खेली, वहीं मोहम्मद रिजवान ने 49 रन बनाए। भारत के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान को अब्दुल्ला शफीक और इमाम उल हक ने अच्छी-खासी शुरूआत दिलाई थी। दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 41 रनों की साझेदारी हुई। मोहम्मद सिराज ने 8वें ओवर में अब्दुल्ला शफीक को (20 रन) पर आउट कर टीम को पहली सफलता दिलाई थी।
जब बाबर आजम का विकेट गिरा तब पाकिस्तान का स्कोर 155 पर 3 विकेट था। लेकिन बाबर आजम के विकेट गिरने के बाद पाकिस्तान ने अपना लय खो दिया। कुलदीप यादव ने 33वें ओवर में सऊद शकील को (6 रन) और इफ्तिखार अहमद को (4 रन) पर पवेलियन भेज दिया। जिसके बाद मोहम्मद रिजवान के ऊपर बड़ी जिम्मेदारी थी। लेकिन रिजवान 34वें ओवर में जसप्रीत बुमराह के शिकार बन गए।
मोहम्मद रिजवान 49 रन पर बुमराह के हाथों बोल्ड आउट हो गए। रिजवान का विकेट लेने के बाद जसप्रीत बुमराह ने 36वें ओवर में शादाब खान को (2 रन) पर आउट किया। जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, हार्दिक पांड्या, कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा के नाम 2-2 विकेट शामिल रहे।