‘एक ओपनर का काम ही यही होता है..’- विराट कोहली की फॉर्म पर मिताली राज ने कह दी बड़ी बात
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछले मैच में विराट कोहली ने 34 गेंदो में 50 रनों की पारी खेली थी।
अद्यतन - Apr 17, 2023 12:42 pm

आईपीएल के 16वें सीजन में विराट कोहली शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ विराट कोहली ने 34 गेंदो में 50 रनों की पारी खेली थी। इस सीजन के अब तक चार मैचों में यह विराट की तीसरी अर्धशतकीय पारी थी। आपको बता दें विराट के बल्ले से यह तीनों ही पारियां चिन्नास्वामी स्टेडियम में निकली है।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) का अगला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में 17 अप्रैल को खेला जाएगा। विराट कोहली इस मैच में भी अपना शानदार फॉर्म बरकरार रखते हुए नजर आ सकते हैं। इसी बीच पूर्व भारतीय महिला क्रिकेट टीम कप्तान मिताली राज विराट कोहली की जमकर तारीफ करते हुए नजर आई।
विराट कोहली की तारीफ करते नहीं थक रही मिताली राज
विराट कोहली पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से जूझते हुए नजर आ रहे थे। पिछले कुछ आईपीएल सीजन में भी विराट कोहली का प्रदर्शन निराशाजनक था। लेकिन विराट कोहली ने टीम इंडिया में शानदार वापसी करने के बाद आईपीएल में भी धमाकेदार वापसी कर ली है। विराट कोहली ऑरेंज कैप की रेस में इस वक्त पांचवे पायदान पर मौजूद हैं।
पूर्व भारतीय महिला खिलाड़ी मिताली राज ने विराट कोहली की तारीफ करते हुए स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए कहा, ‘टी-20 क्रिकेट में एक ओपनर के लिए मोमेंटम सेट करना बेहद जरूरी रहता है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ विराट कोहली ने वही किया। जो गेंदबाज 140-150 की स्पीड के साथ गेंदबाजी कर रहे थे विराट ने उन पर अटैक किया। जिस स्ट्राइक रेट के साथ वह मिडिल ओवरों में बल्लेबाजी कर रहे थे, उससे उन्होंने बाकी बल्लेबाजों को बहुत आत्मविश्वास दिया।’
आईपीएल के इस सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर शानदार नजर आ रही है। पहले मैच में टीम ने मुबंई इंडियंस के खिलाफ 8 विकेट से जीत दर्ज की थी। जिसके बाद दो लगातार मुकाबलों में टीम को हार जरूर झेलनी पड़ी। लेकिन फिर टीम ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 23 रनों से जीत दर्ज की थी। RCB इस वक्त 4 अंको के साथ पॉइंट्स टेबल में सांतवें पायदान पर हैं। टीम आगामी मुकाबलों में फॉर्म बरकरार रखना चाहेगी।