इंग्लैंड दौरे पर रोहित शर्मा और उनकी टीम को खेलना होगा तीन-तीन अभ्यास मैच
16 जून को इंग्लैंड दौरे के लिए रवाना होगी टीम इंडिया।
अद्यतन - मई 17, 2022 6:01 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के खत्म होने के बाद टीम इंडिया का शेड्यूल काफी व्यस्त रहने वाला है। भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नौ जून से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगी, जबकि टेस्ट टीम 16 जून को इंग्लैंड दौरे के लिए रवाना होगी। इस बीच खबर ये भी है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज जिस टीम का चयन किया जाएगा, उसी टीम को आयरलैंड दौरे पर भी भेजा जाएगा।
इस बीच, क्रिकबज की एक रिपोर्ट की माने तो, भारतीय टीम एकमात्र टेस्ट से पहले 24 जून से लीसेस्टरशायर के खिलाफ अभ्यास मैच खेलेगी। यह चार दिवसीय मैच होगा। वहीं डबलिन में 26 और 28 जून को आयरलैंड का सामना करने वाली T20I टीम भी उस समय एक्शन में नजर आएगी।
भारत वनडे और टी-20 सीरीज से पहले दो अभ्यास मैच खेलेगा
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि भारत की व्हाइट बॉल टीम इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की T20Iऔर एकदिवसीय सीरीज से पहले दो अभ्यास मैच खेलेगी। वार्म-अप मैच क्रमशः 1 और 3 जुलाई को डर्बीशायर और नॉर्थम्पटनशायर के खिलाफ खेले जाने की संभावना है। भारत और इंग्लैंड के बीच T20I सीरीज 7 जुलाई से शुरू होगी, वहीं वनडे सीरीज 12 जुलाई से खेला जाएगा। एकमात्र टेस्ट मैच 1 जुलाई से 5 जुलाई तक बर्मिंघम में खेला जाएगा।
भारत के हेड कोच राहुल द्रविड़ आयरलैंड और इंग्लैंड के आगामी दौरों के लिए बीसीसीआई के साथ मिलकर सभी व्यवस्थाओं को देख रहे हैं। हालांकि दौरा शुरू होने से पहले चयनकर्ताओं के लिए बड़ा काम खिलाड़ियों का स्क्वॉड तैयार करने का होगा। जैसा कि उन्होंने पिछले साल श्रीलंका और इंग्लैंड दौरे के लिए किया था। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले T20I सीरीज, इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले टेस्ट, ODI और T20I सीरीज के लिए अगले सप्ताह तक टीम की घोषणा होने की उम्मीद है।
इंग्लैंड दौरे के खत्म होने के बाद टीम इंडिया को व्हाइट बॉल सीरीज के लिए वेस्टइंडीज और यूएसए का दौरा करना है और फिर भारतीय टीम को अगस्त के अंतिम सप्ताह में शुरू होने वाले एशिया कप में भाग लेना है।