डेनियल विटोरी ने लीक कर दी RCB फ्रेंचाइजी के अंदर की खबर!
विराट कोहली ने 2016 के सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को अपनी कप्तानी में आईपीएल फाइनल में पहुंचाया था।
अद्यतन - Mar 7, 2022 5:11 pm

IPL-2022 का कार्यक्रम जारी होने के बाद अब फैंस रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) टीम के नए कप्तान का ऐलान होने का इंतजार कर रहे हैं। विराट कोहली पिछले सात साल से टीम की कप्तानी कर रहे थे, लेकिन पिछले साल ही उन्होंने कप्तानी छोड़ने की घोषणा कर दी थी। 33 साल के विराट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बाद अब आईपीएल में भी बतौर बल्लेबाज टीम के लिए खेलते हुए नजर आएंगे।
इस बीच RCB के कट्टर फैंस ने एक बार फिर से विराट कोहली को कप्तान के रूप में देखने की मांग की है, लेकिन हाल ही में आरसीबी के पूर्व खिलाड़ी डेनियल विटोरी की बातों को सुनकर ऐसा लगता है कि फैंस की ये मांग शायद अब पूरी नहीं हो पाएगी। उनका मानना है कि फ्रेंचाइजी अब कप्तानी के लिए दूसरे विकल्प की तलाश करेगी।
RCB के अगले कप्तान को लेकर डेनियल विटोरी ने दिया बड़ा बयान
ESPNCricinfo से बातचीत के दौरान डेनियल विटोरी ने कहा कि, “नहीं (विराट कोहली फिर से आरसीबी के कप्तान नहीं होंगे)। मुझे लगता है कि यह उतना आसान नहीं होने वाला है। मुझे नहीं लगता कि यह कभी काम करता है। फ्रेंचाइजी क्रिकेट में या अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक बार जब कप्तान आगे बढ़ जाता है, तो उसके लिए आगे बढ़ना ही सही होता है।”
उन्होंने आगे कहा कि, “मुझे लगता है कि वो कोहली से आगे बढ़ेंगे। वो मैक्सवेल और डु प्लेसिस को और यहां तक कि दिनेश कार्तिक की ओर भी देखेंगे। फाफ भी मैक्सवेल की ओर देखेंगे। लेकिन अगर वो पहले तीन मैच जीत जाते हैं, तो शायद वे उसके साथ बने रहेंगे। आईपीएल में तीन साल एक लंबा समय है। वो मैक्सवेल को तीन साल तक के लिए देखेंगे और उम्मीद है कि वह पिछले आईपीएल की तरह खेलना जारी रखेंगे।”
इस बीच बता दें कि BCCI ने हाल ही में आईपीएल 2022 को लेकर पूरे कार्यक्रम का एलान किया है। इस सीजन रॉयल चलनेजर्स बैंगलोर का पहला मुकाबला 27 मार्च को पंजाब किंग्स के खिलाफ खेला जाएगा, यह मुकाबला नवी मुंबई के डीवाइ पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा।