वीडियो: चहल के काम आया विराट का ‘उल्टा डाल’ वाला सुझाव, पहली गेंद पर पोलार्ड को किया आउट
विराट कोहली ने मैच के दौरान कप्तान रोहित शर्मा की फील्ड सेट करने में भी मदद की।
अद्यतन - फरवरी 7, 2022 2:57 अपराह्न

विराट कोहली भले ही अब टीम इंडिया के कप्तान ना हों लेकिन उनके अंदर का लीडर और उनकी गेम की समझ अब भी टीम को बहुत काम आती है, और इसकी एक झलक वेस्टइंडीज के खिलाफ नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे मैच के दौरान देखने को मिली। जब विराट की एक सलाह से लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल अपना पहला वनडे हैट्रिक लेने के कगार पहुंच गए।
वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में युजवेंद्र चहल को विराट कोहली की सलाह ने विपक्षी कप्तान कायरन पोलार्ड का विकेट लेने में मदद की। पोलार्ड जब बल्लेबाजी करने उतरे तो विराट कोहली चहल को कहते हुए सुनाई दिए, ‘उल्टा वाला डाल… बिंदास दाल’। इससे वो ये कहना चाह रहे थे कि पोलार्ड को गुगली डालना।
चहल को विराट ने जैसा कहा उन्होंने वैसा ही किया। चहल ने एकदम सही गुगली फेंकी, गेंद ऑफ स्टंप के बाहर पिच हुई और वापस अंदर आ गई, पोलार्ड एक बड़ा ड्राइव के लिए गए, और गेंद बल्ले और पैड के बीच से विकेट को जा लगी। भारतीय खिलाड़ी खुश थे और यहां एक बार फिर कोहली की योजना काम कर गई।
यहां देखिए चहल की गेंद पर कैसे आउट हुए पोलार्ड
#INDvsWI #AskSportsTak@imVkohli is still actively involved in the game…Prompted something to @yuzi_chahal and @KieronPollard55 bowled on duck …💥💥💥 pic.twitter.com/TTETvIfOzV
— Shashank Bhalekar (@TheShaStories) February 6, 2022
पोलार्ड ने 20वें ओवर में निकोलस पूरन के आउट के बाद बल्लेबाजी करने के लिए उतरे थे, उस वक्त वेस्टइंडीज की टीम 4 विकेट खोकर मुश्किल में थी और टीम को अपने कप्तान से काफी उम्मीदें थी। लेकिन उन सभी की उम्मीदें धरी की धरी रह गई क्योंकि पोलार्ड पहले ही गेंद पर बोल्ड हो गए।
मैच के दौरान चहल ने की शानदार गेंदबाजी
युजवेंद्र चहल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ जबर्दस्त गेंदबाजी की और उन्हें इसके लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला। चहल ने 49 रन देकर 4 विकेट चटकाए, उन्होंने निकोलस पूरन, कायरन पोलार्ड के अलावा फैबियन एलेन और अल्जारी जोसफ को अपना शिकार बनाया। चहल ने अपनी सफलता का श्रेय भी कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली को दिया। चहल ने मैच के बाद कहा कि, “मेरी मैच से पहले रोहित और विराट से बात हुई थी। उन्होंने बताया था कि इस पिच पर गेंद की गति अहम रहेगी, मैं सोच रहा था कि अगर तेज गति की गेंद भी टर्न हो रही हैं तो यही करते रहना है।”