इस साल मैं एक ऐसा कैच पकड़ना चाहता हूं जो मेरी जिंदगी का सर्वश्रेष्ठ कैच रहे: हार्दिक पांड्या - क्रिकट्रैकर हिंदी

इस साल मैं एक ऐसा कैच पकड़ना चाहता हूं जो मेरी जिंदगी का सर्वश्रेष्ठ कैच रहे: हार्दिक पांड्या

भारतीय ऑलराउंडर का मानना है कि उनकी फील्डिंग अब पहले से बेहतर हो गई है और इस वर्ल्ड कप में वो और भी बेहतर प्रदर्शन करने को देखेंगे।

Hardik Pandya (Photo Source: Twitter)
Hardik Pandya (Photo Source: Twitter)

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के पहले राउंड के मुकाबले शुरू हो चुके हैं और अभी तक कई एसोसिएट टीमों ने काफी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बड़ी टीमों को मात दी है। पहले नामीबिया ने श्रीलंका को मात देकर सबको आश्चर्यचकित कर दिया और इसके बाद स्कॉटलैंड ने वेस्टइंडीज को मात दी। अभी तक इस मुख्य टूर्नामेंट के पहले राउंड में 5 मुकाबले खेले जा चुके हैं और सभी मैच में एक चीज ऐसी है जिसमें सभी टीमों ने काफी काम किया है- वो है फील्डिंग।

अभी तक हमनें इस टूर्नामेंट में तमाम खिलाड़ियों द्वारा बेहतरीन फील्डिंग देखी है। भारत ने भी अभ्यास मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ काफी शानदार प्रदर्शन करते हुए उसे अपने नाम किया। जहां एक तरफ बल्लेबाजी में उप-कप्तान केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव ने कमाल का प्रदर्शन किया। वहीं विराट कोहली की शानदार फील्डिंग और मोहम्मद शमी के घातक अंतिम ओवर ने भारत को इस मैच में जीत दिलवाई।

भारतीय टीम के विस्फोटक ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या इस मैच में जल्दबाजी कर बैठे, जिसके चलते वो मात्र 2 रन बनाकर मिचेल स्टार्क का शिकार बने। हालांकि भारतीय ऑलराउंडर का मानना है कि उनकी फील्डिंग अब पहले से बेहतर हो गई है और इस वर्ल्ड कप में वो और भी बेहतर प्रदर्शन करने को देखेंगे।

मेरी फिटनेस पहले से काफी बेहतर हुई है: हार्दिक पांड्या

बता दें, बल्लेबाजी और गेंदबाजी में ही नहीं बल्कि फील्डिंग में भी हार्दिक पांड्या का कोई जवाब नहीं है। भले ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वो अच्छा प्रदर्शन ना कर पाए हो लेकिन इस मुख्य वर्ल्ड कप में वो तीनों ही डिपार्टमेंट में शानदार प्रदर्शन करने को देखेंगे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए मैच के बाद उन्होंने इच्छा व्यक्त की है कि उन्हें भी बेहतरीन फील्डर के रूप में पहचान मिलनी चाहिए।

BCCI द्वारा एक वीडियो साझा की गई है जिसमें हार्दिक पांड्या ने कहा कि, ‘ऊपर वाले ने मेरा बहुत साथ दिया जिसके चलते मेरी फिटनेस अब काफी अच्छी हो गई है। मैं अपने कोच (टी. दिलीप) के साथ काफी समय बिता रहा हूं। एक फील्डर के रूप में मैं हमेशा काफी नेचुरल था, लेकिन मुझे इसमें सर्वश्रेष्ठ बनना था। लेकिन अब मैं इसमें ज्यादा से ज्यादा समय दे रहा हूं और उन मुश्किल कैचों को पकड़ रहा हूं। मेरा यही लक्ष्य है कि इस साल मैं एक ऐसा कैच पकड़ पाऊं जो मेरे जिंदगी का सबसे बेहतरीन कैच रहे।’

close whatsapp