'फिटनेस टेस्ट के नाम पर..'- भारत के खिलाफ हारने के बाद वसीम अकरम ने खोली पाकिस्तानी खिलाड़ियों की पोल - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘फिटनेस टेस्ट के नाम पर..’- भारत के खिलाफ हारने के बाद वसीम अकरम ने खोली पाकिस्तानी खिलाड़ियों की पोल

पाकिस्तान को वर्ल्ड कप 2023 में भारत के खिलाफ शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था।

Wasim Akram (Photo Source: Twitter)
Wasim Akram (Photo Source: Twitter)

वर्ल्ड कप 2023 में पाकिस्तानी टीम ने शानदार शुरुआत की थी। उन्होंने अपने शुरुआती दोनों मुकाबले जीत थे। उनका तीसरा मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में था। वहां उनकी टीम को करारी हार का सामना करना पड़ा। भारत के खिलाफ मैच हारने के बाद बाबर आजम की टीम की जमकर आलोचना हो रही है। खासकर पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी एक एक कर टीम की खामियां निकाल रहे हैं।

इसी कड़ी में पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज गेंदबाज वसीम अकरम ने मौजूदा प्लेयर्स के फिटनेस को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों को देखकर ऐसा लग रहा है कि वो पूरी तरह से फिट नहीं हैं। इसके साथ ही वसीम अकरम ने टीम की अन्य कमजोरियों को भी उजागर किया है।

वसीम अकरम ने पाकिस्तानी प्लेयर्स के फिटनेस पर उठाए सवाल

वसीम अकरम ने ए स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान कहा, मैंने पहले ही कहा था कि इस मुकाबले में इंडियन टीम का पलड़ा 70-30 से भारी है, क्योंकि उनकी ओवरऑल तैयारी काफी अच्छी थी। दूसरी तरफ अगर पाकिस्तान को देखें तो तीन साल में तीन चेयरमैन बदल गए तो फिर टीम कैसे स्थिर हो पाएगी।

मुझे पाकिस्तान टीम में फिटनेस का भी कुछ दिक्क्त लगता है। फिटनेस के टेस्ट होने अब बंद हो गए हैं। जब मिस्बाह उल हक कोच थे तो ये फिटनेस टेस्ट करते थे और उसके बाद खिलाड़ी आकर शिकायत करते थे कि मिस्बाह फिटनेस टेस्ट ले रहे हैं। इस तरह के खेल में महीने में एक बार फिटनेस टेस्ट होना बहुत जरूरी है। अगर आप ऐसा नहीं करेंगे तो फिर यही हाल होगा।

टीम इंडिया ने अहमदाबाद में खेले गए वर्ल्ड कप 2023 के मुकाबले में पाकिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम 42.5 ओवर में सिर्फ 191 रन पर ही सिमट गई। जवाब में भारतीय टीम ने इस लक्ष्य को 30.3 ओवर में ही सिर्फ 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलियाई टीम के प्रदर्शन से खुश नहीं है टीम इंडिया का ये पूर्व क्रिकेटर

close whatsapp