एमएस धोनी की वजह से ही CSK टीम IPL 2023 के फाइनल में अपनी जगह बना पाई: वसीम जाफर
वसीम जाफर की मानें तो पेपर में चेन्नई सुपर किंग्स ज्यादा मजबूत नहीं है लेकिन उसके बावजूद धोनी की कप्तानी में टीम ने एक और बार फाइनल में अपनी जगह बनाई है।
अद्यतन - May 28, 2023 10:58 pm

आज यानी 28 मई को चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का फाइनल खेला जाना है। बता दें, अभी तक यह फाइनल मैच को शुरू हो जाना चाहिए था लेकिन बारिश की वजह से यह मैच अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
हालांकि फाइनल से पहले भारत के पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफर ने चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की जमकर प्रशंसा की है। वसीम जाफर की मानें तो पेपर में चेन्नई सुपर किंग्स ज्यादा मजबूत नहीं है लेकिन उसके बावजूद धोनी की कप्तानी में टीम ने एक और बार फाइनल में अपनी जगह बनाई है।
फाइनल शुरू होने से पहले स्पोर्ट्सकीड़ा क्रिकेट के मन की बात वीकेंड स्पेशल से बात करते हुए वसीम जाफर ने कहा कि, ‘ धोनी की योजना बहुत ही साधारण थी। हमने उनकी प्लेइंग XI में ज्यादा बदलाव नहीं देखा। इसका पूरा श्रेय महेंद्र सिंह धोनी को जाता है। सच बताऊं तो टीम को देखकर ऐसा बिल्कुल भी नहीं लग रहा था कि वो टॉप पर खत्म करेगी।
शुरुआत में उनके गेंदबाजों को काफी परेशान होते हुए देखा गया और वो भी चेन्नई के बाहर। लेकिन उसके बावजूद उन्होंने इस सीजन की अंक तालिका में दूसरा स्थान ग्रहण किया। यह महेंद्र सिंह धोनी का जादू है।’
गुजरात टाइटंस को लेकर वसीम जाफर ने रखा अपना पक्ष
गुजरात टाइटंस को लेकर वसीम जाफर ने कहा कि, ‘उनके पास काफी अच्छे विकल्प हैं। टीम के पास दो बहुत अच्छे स्पिन गेंदबाज हैं और उनकी बल्लेबाजी में गहराई भी है और सबसे बड़ी बात है कि टीम अपने घर में ही खेल रही है। मुझे लगता है कि क्वालीफायर 1 के बाद गुजरात टाइटंस का आत्मविश्वास थोड़ा ऊपर होगा क्योंकि वो उसी पुरानी सोच के साथ खेल रहे हैं।
हार्दिक पांड्या गेंदबाजी कर रहे हैं और साईं सुदर्शन बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। अगर इसी सोच के साथ उन्होंने फाइनल खेला तो शायद टीम जीत सकती है।’