भारत के टी-20 वर्ल्ड कप 2022 स्क्वॉड में बुमराह की जगह शमी को नहीं बल्कि इस गेंदबाज को देखना चाहते हैं वसीम जाफर
जसप्रीत बुमराह पीठ में स्ट्रेस फ्रैक्चर के कारण आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से बाहर हो गए हैं।
अद्यतन - अक्टूबर 5, 2022 12:57 अपराह्न

भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज और क्रिकेट कमेंटेटर वसीम जाफर ने आगामी आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए टीम इंडिया में मोहम्मद शमी को शामिल किए जाने की खबरों पर बड़ा बयान दिया है। आपको बता दें, जसप्रीत बुमराह पीठ में स्ट्रेस फ्रैक्चर के कारण आगामी टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं, जिनके प्रतिस्थापन के लिए शमी, दीपक चाहर और मोहम्मद सिराज का नाम सामने आ रहा है।
हालांकि, मोहम्मद शमी ने पिछले साल संयुक्त अरब अमीरात में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप के बाद से भारत के लिए T20I क्रिकेट नहीं खेला है। लेकिन उन्हें ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू T20I के लिए भारतीय क्रिकेट टीम में चुना गया था, पर COVID-19 ने उनसे घरेलू सीरीज में खेलने का भी मौका छीन लिया।
मोहम्मद शमी नहीं बल्कि दीपक चाहर को जसप्रीत बुमराह की जगह देखना चाहते हैं वसीम जाफर
इस बीच, वसीम जाफर ने कहा उन्हें नहीं लगता कि ऑस्ट्रेलिया में 16 अक्टूबर से शुरू होने जा रहे टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए मोहम्मद शमी को भारत के स्क्वॉड में जसप्रीत बुमराह के प्रतिस्थापन के रूप में शामिल किया जाएगा। वह शमी को भारत के स्क्वॉड में शामिल करने के पक्ष में नहीं है, और अगर ऐसा होता है तो ये गलत होगा, और इसका कारण अनुभवी तेज गेंदबाज का काफी समय से T20I क्रिकेट नहीं खेलना है।
वसीम जाफर ने ईएसपीएनक्रिकइंफो के हवाले से कहा: “शमी ने पिछले टी-20 वर्ल्ड कप से कोई T20I मैच नहीं खेला है, इसलिए मुझे लगता है कि उन्हें बिना किसी मैच अभ्यास के सीधे भारतीय टीम में शामिल करना अनुचित होगा। हालांकि, अगर शमी को टी-20 वर्ल्ड कप 2022 स्क्वॉड में चयनित कर लिया जाता है, तो उन्हें कुछ अभ्यास मैच मिलेंगे, लेकिन तब भी बिना किसी T20I मैच खेले उन्हें सीधे टीम में शामिल करना गलत ही होगा।”
इस बीच, पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने कहा कि दीपक चाहर के पास शमी की तुलना में भारत के टी-20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड में बुमराह की जगह लेने की अधिक संभावना है। उन्होंने अंत में कहा: “मैं दीपक चाहर को भारत की टीम में बुमराह की जगह लेते हुए देख रहा हूं। वह इस समय दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में खेल रहा है, इसलिए उसके चयन की संभावनाएं समझ आती है। चाहर एक ऐसा खिलाड़ी है, जो अच्छी गेंदबाजी कर रहा है और बल्लेबाज के रूप में भी योगदान दें सकता है। वह नई गेंद के साथ काफी अच्छा प्रदर्शन करते हैं, और वह बल्ले के साथ भी योगदान देने में सक्षम है।”