IND vs ENG: ‘यह ऐसा विकेट नहीं हैं जहां आप लूज बाॅल का इंतजार करें’ इंग्लैंड के खिलाफ 86 रनों की शानदार पारी खेलने के बाद KL Rahul
पहली पारी के आधार पर भारत ने इंग्लैंड पर 190 रनों की बढ़त बना ली है।
अद्यतन - जनवरी 27, 2024 12:16 अपराह्न

भारत और इंग्लैंड (IND vs ENG) के बीच 25 जनवरी से हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में पहला टेस्ट मैच जारी है। तो वहीं इस मैच में दूसरे दिन की समाप्ति तक भारत ने इंग्लैंड पर मजबूत पकड़ बना ली है। मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और टीम को एक अच्छे टोटल तक पहुंचाने में मदद की।
पहली पारी की तुलना करें तो भारत ने इंग्लैंड पर 190 रनों की बढ़ता बना ली है। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 246 रन बनाए तो भारत ने कुल 436 रन जोड़े। तो वहीं टीम इंडिया को इस स्कोर तक पहुंचाने में अनुभवी भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल (KL Rahul) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भारत की पहली पारी में वह टीम को ओर से दूसरे टाॅप स्कोरर रहे। राहुल ने 123 गेंदों में 86 रनों की शानदार पारी खेली। इस पारी के दौरान राहुल ने 8 चौके और 2 गगनचुंबी छक्के लगाए। दूसरी ओर, अब अपनी इस पारी को लेकर राहुल ने बड़ा बयान दिया। राहुल का कहना है कि हैदराबाद का विकेट ऐसा नहीं था, जहां आप कमजोर गेंद आने का इंतजार करें।
KL Rahul ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद केएल राहुल ने जियो सिनेमा के साथ बातचीत करते हुए मैच सेंटर लाइव में कहा- मैं जीरो पर आउट हो सकता था, लेकिन मैंने 86 रन बनाए। हो सकता है मैं कल बल्लेबाजी करने आऊं और सोचूं कि मैं शतक से चूक गया। लेकिन सच कहूं तो मैंने अपने खेल का आनंद लिया।
राहुल ने आगे कहा- हमने कल इंग्लैंड टीम को भी यहां पर खेलते हुए देखा था, मुझे लगता है कि यह ऐसा विकेट नहीं था, जहां पर आप कमजोर (लूज) गेंद का इंतजार करें। आपको खुद थोड़ी सी कोशिश करनी होगी कि गेंदबाज अपनी लाइन और लेंथ पर लगातार गेंदबाजी न कर सकें। मैं मुकाबले में रन बनाने के मौके ढूंढ रहा था। मेरे दिमाग में उस समय कुछ शाॅट थे, अगर गेंदबाज वहां लगातार गेंदबाजी करते तो वह उन मौके पर वह शाॅट खेलने के लिए तैयार था।