अर्शदीप सिंह ने बताया कैसे एशिया कप के बाद उनकी गेंदबाजी में हुआ है इतना सुधार
साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टी-20 मैच में अर्शदीप सिंह ने किया शानदार प्रदर्शन।
अद्यतन - सितम्बर 29, 2022 2:32 अपराह्न

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी-20 मैच युवा बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अपने पहले ही ओवर में तीन विकेट लिए। अर्शदीप ने अफ्रीकी बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ने के लिए शानदार स्विंग गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। मैच के बाद कोच पारस म्हाम्ब्रे ने उनका इंटरव्यू लिया। अर्शदीप ने उसमें बताया कि उन्होंने हाल ही में नया स्किल सीखा है जो उन्हें विपक्षी बल्लेबाजों को आउट करने में मदद कर रहा है।
दरअसल, एशिया कप के बाद वे बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) गए, जहां उनके कुछ ट्रेनिंग सेशन हुए। इस दौरान टीम इंडिया के तेज गेंदबाजी कोच पारस महाम्ब्रे से भी उनको मदद मिला। तिरुवनंतपुरम में खेले गए पहले टी-20 मैच के बाद महाम्ब्रे के साथ बातचीत में उन्होंने बताया कि, एनसीए में कुछ समय बिताने से उनको अच्छा करने में सहायता मिली है।
एशिया कप के बाद मिले ब्रेक से मुझे काफी फायदा हुआ- अर्शदीप सिंह
उस इंटरव्यू में अर्शदीप ने कहा कि, “एनसीए में आपसे बात हुई थी और आपसे भी बात हुई थी कि कुछ दिन का ब्रेक रिफ्रेशिंग रहेगा। मेरे हिसाब से वो आपका ही प्लान था। इससे स्ट्रेंथ और फिटनेस पर काम कर पाऊंगा। इससे काफी हेल्प मिला है और फ्रेश फील कर रहा हूं।”
अर्शदीप ने आगे कहा कि, “मैं मैच के लिए कोई खास तैयारी नहीं करता हूं। मैं बॉलिंग कोच के पास जाता हूं और उनसे पूछता हूं कि यहां क्या हो सकता है। इसलिए, मैं आपके पास गया था। आपने बताया था कि शुरुआत में नमी का फायदा मिल सकता है और स्विंग भी मिल सकती है। हम अच्छा टॉस जीते। टॉस से काफी फायदा हुआ। मैं शुरुआत से ही गेंद आगे रखने की कोशिश कर रहा था।”
अर्शदीप के अलावा टीम इंडिया के बाकी के गेंदबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। अर्शदीप सिंह के अलावा दीपक चाहर ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने भी दो अफ़्रीकी बल्लेबाजों को आउट किया।