जैक क्रॉली ने की चौके के साथ एशेज 2023 की शुरुआत, तो अपनी भावनाओं को काबू में नहीं रख पाए बेन स्टोक्स - क्रिकट्रैकर हिंदी

जैक क्रॉली ने की चौके के साथ एशेज 2023 की शुरुआत, तो अपनी भावनाओं को काबू में नहीं रख पाए बेन स्टोक्स

बेन स्टोक्स बर्मिंघम में पहली गेंद पर बाउंड्री देखकर बिलकुल एक क्रिकेट फैन की तरह झूम उठे।

Ben Stokes and Zak Crawley. (Image Source: ECB Twitter)
Ben Stokes and Zak Crawley. (Image Source: ECB Twitter)

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच प्रतिष्ठित एशेज 2023 का आगाज 16 जुलाई को एजबेस्टन में हो गया है, जहां वर्ल्ड टेस्ट चैंपियंस ने शानदार शुरुआत की, लेकिन फिर मेजबान टीम जो रूट के शतक के बदौलत पहले टेस्ट के पहले दिन 393/8 पर अपनी पारी घोषित करने में कामयाब रही।

जो रूट (118) के अलावा, जैक क्रॉली (61) और जॉनी बेयरस्टो (78) दोनों ने अर्धशतक लगाया, वहीं नाथन लियोन और जोश हेजलवुड ने क्रमशः चार और दो विकेट लिए। इस बीच, पहले एशेज 2023 टेस्ट का पहला दिन काफी रोमांचक रहा, जहां जैक क्रॉली के पहले शॉट पर कप्तान बेन स्टोक्स के रिएक्शन ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। दरअसल, इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज ने एजबेस्टन में एशेज 2023 की पहली गेंद पर चौका लगाकर अपने कप्तान स्टोक्स को हैरान कर दिया।

जैक क्रॉली ने लगाया एशेज 2023 का पहला चौका, तो बेन स्टोक्स के अंदर का क्रिकेट फैन आया बाहर

आपको बता दें, इस प्रतिष्ठित प्रतिद्वंद्विता के इतिहास में बल्लेबाजों को पहले मैच में ज्यादातर रक्षात्मक स्ट्रोक खेलते या गेंद को छोड़ते हुए देखा गया है। लेकिन जैक क्रॉली ने पहली गेंद से आक्रामक बल्लेबाजी करना शुरू कर दिया, जो इंग्लैंड के बैजबॉल युग को परिभाषित करता है। हुआ यूं कि ऑस्ट्रेलिया के कप्तान और तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने ऑफ स्टंप के बाहर एक फुल और वाइड डिलीवरी फेंकी, और जैक क्रॉली ने अपनी बांह घुमाई और एक्स्ट्रा कवर पर जोरदार चौका जड़ दिया।

इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज का यह जबरदस्त शॉट देख एजबेस्टन स्टेडियम में मौजूद फैंस खुशी से झूम उठे। कुछ ऐसा ही हाल इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स था, हालांकि वह खुद भी जैक क्रॉली के चौके के साथ पारी की शुरुआत की उम्मीद नहीं कर रहे थे। अपने साथी क्रिकेटर को आक्रामक अंदाज में एशेज 2023 की शुरुआत करते देख स्टोक्स अपनी भावनाओं को छिपा नहीं सके, और वो शॉट देख उनका मुंह खुला का खुला रह गया।

स्टोक्स इंग्लैंड के ड्रेसिंग रूम में बकेट हैट पहनकर खड़े थे, और बर्मिंघम में पहली गेंद पर बाउंड्री देखकर वह बिलकुल एक क्रिकेट फैन की तरह झूम उठे। स्टोक्स ने अंत में एक चुटीली मुस्कान बिखेरी। अब इंग्लैंड के कप्तान के इस रिएक्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

यहां देखिए वो वीडियो –

close whatsapp