महमूदुल्लाह रियाद के प्रदर्शन से खुश नहीं हैं बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड; खतरे में है भविष्य
बांग्लादेश ने आगामी आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए महमूदुल्लाह रियाद को नहीं चुना है।
अद्यतन - सितम्बर 14, 2022 3:07 अपराह्न

बांग्लादेश के अनुभवी क्रिकेटर महमूदुल्लाह रियाद के टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भविष्य पर काले बादल मंडरा रहे हैं, और अब तो राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने आगामी आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया है, क्योंकि टीम उनके प्रदर्शन से खुश नहीं है।
बांग्लादेश क्रिकेट टीम के निदेशक खालिद महमूद ने खुलासा किया है कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) महमूदुल्लाह के प्रदर्शन से खुश नहीं है। हालांकि, महमुदुल्लाह का T20I क्रिकेट में हालिया प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है, लेकिन वो बीसीबी (BCB) को प्रभावित करने के लिए पर्याप्त नहीं है।
खालिद महमूद ने यह भी खुलासा किया हैं कि बीसीबी और राष्ट्रीय चयनकर्ता महमुदुल्लाह को ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए बांग्लादेश के स्क्वॉड में जगह देने के पक्ष में नहीं हैं।
महमूदुल्लाह रियाद T20I भविष्य लगभग खत्म हो गया है
खालिद महमूद ने शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में संवाददाताओं को बताया: “महमूदुल्लाह में अभी भी क्रिकेट खेलने की इच्छा है, लेकिन हमें उम्मीद के मुताबिक उनसे प्रदर्शन नहीं मिला। इसमें कोई दो राय नहीं हैं कि वह मैच विजेता खिलाड़ी है, और इस बात को अनदेखा नहीं किया जा सकता, इसलिए हम अचानक से उनसे यह नहीं कह सकते कि आप अब हमारी योजनाओं में शामिल नहीं हैं।
कोई भी खिलाड़ी या व्यक्ति निश्चित रूप से टीम से अधिक महत्वपूर्ण नहीं है, हमारे लिए टीम किसी एक व्यक्ति से कहीं बढ़कर हैं, इसलिए हम बांग्लादेश टीम के भलाई के पक्ष में ही फैसला लेंगे। हम मनमर्जी से कोई फैसला नहीं ले सकते, क्योंकि महमूदुल्लाह ने लंबे समय तक देश की सेवा की है। हम जानते हैं कि हर कोई हमेशा के लिए नहीं रहेगा, लेकिन हमें उनके योगदान को महत्व देना होगा।”
आपको बता दें, बांग्लादेश का हालिया एशिया कप 2022 में प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा, और वे इस टूर्नामेंट से बाहर होने वाली पहली टीम थे। बांग्लादेश को एशिया कप 2022 में अफगानिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ अपने दोनों ग्रुप में हार का सामना करना पड़ा था।