“उन्होंने कहा चलो इसे खत्म करते हैं”- विराट कोहली के साथ हुई बातचीत को लेकर नवीन उल हक का बड़ा खुलासा
आईपीएल 2023 के दौरान विराट और नवीन के बीच हुआ था झगड़ा।
अद्यतन - Nov 18, 2023 1:50 pm

आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। टूर्नामेंट का फाइनल मैच भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रविवार, 19 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में जब भारत और अफगानिस्तान के बीच मुकाबला खेला गया था तब उस मैच में विराट कोहली और नवीन उल हक के बीच बातचीत हुई थी।
उस बातचीत को लेकर हाल ही में अफगानी तेज गेंदबाज नवीन उल हक ने एक बड़ा खुलासा किया है। गौरतलब है कि, दोनों खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के 16वें सीजन में भिड़ गए थे, इसके बाद से फैंस विश्व कप में दोनों के आमने-सामने होने की उम्मीद कर रहे थे। हालांकि, कोहली और नवीन दोनों ने इस विवाद को खत्म करने का फैसला किया।
विराट कोहली के साथ हुई बातचीत को लेकर नवीन उल हक का बड़ा खुलासा
वर्ल्ड कप में विराट कोहली के साथ हुई बातचीत के बारे में बोलते हुए नवीन ने खुलासा किया कि, ‘भारत के खिलाफ अफगानिस्तान के एक मैच को छोड़कर हमें हर मैच में क्राउड का भरपूर समर्थन मिला। जिसके कारण हमें भारत में घर जैसा एहसास हुआ।
नवीन ने आगे कहा कि विराट ने मुझसे कहा, ‘चलो इसे खत्म करते हैं।’ मैंने कहा, हां, चलो इसे खत्म करते हैं। हम इस पर हंसे, गले मिले और आगे बढ़ गए। उन्होंने यह भी कहा कि इसके बाद आप मेरा नाम नहीं सुनेंगे, बल्कि क्राउड से आप सिर्फ अपना समर्थन सुनेंगे।’
विराट-नवीन को लेकर गौतम गंभीर ने भी शेयर किया था पोस्ट
विराट और नवीन के बीच सबकुछ ठीक होने के बाद गौतम गंभीर ने भी इस विवाद को शांत करने का मन बना लिया और उन्होंने अपने ऑफिशियल X अकाउंट पर कोहली को उनके 50वें शतक की खास उपलब्धि पर लिखा, ‘बधाई हो विराट कोहली, एक बड़ी उपलब्धि के लिए जो 50 शतक के बाद महान सचिन तेंदुलकर से भी आगे निकल गए। मुझे यकीन है कि उनके दिवंगत पिता को आज बहुत गर्व हो रहा होगा और वे ऊपर बादलों से अपने बेटे को देखकर मुस्कुरा रहे होंगे!! इस पीढ़ी के अब तक के महानतम।”
यह भी पढ़ें: कप्तान रोहित शर्मा ये पैट कमिंस को क्या समझाने में लगे हैं?