केएल राहुल ने आधुनिक युग में बायो-बबल के नकारात्मक प्रभावों को लेकर दी बड़ी प्रतिक्रिया - क्रिकट्रैकर हिंदी

केएल राहुल ने आधुनिक युग में बायो-बबल के नकारात्मक प्रभावों को लेकर दी बड़ी प्रतिक्रिया

केएल राहुल को आखिरी बार वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीमित ओवरों की सीरीज में खेलते हुए देखा गया था।

KL Rahul. (Photo by Pankaj Nangia/Getty Images)
KL Rahul. (Photo by Pankaj Nangia/Getty Images)

भारतीय बल्लेबाज और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के कप्तान केएल राहुल ने आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 15वें सीजन से पहले लगातार बायो-बबल में रहने के कारण पैदा हुई समस्याओं पर प्रकाश डाला। वैश्विक कोविड-19 महामारी द्वारा उत्पन्न लगातार खतरे के कारण आधुनिक क्रिकेट को जैव-सुरक्षित बायो-बबल तक सीमित कर दिया गया है।

आधुनिक युग में सभी खिलाड़ियों को कोविड-19 महामारी के चलते लगातार अलग-अलग बायो-बबल में रहना पड़ता है। इस दौरान कई खिलाड़ियों ने थकान की शिकायत भी की हैं, और यहां तक कि कुछ खिलाड़ियों ने तो अंतराष्ट्रीय दौरों और आगामी आईपीएल (IPL) 2022 से तक नाम वापस ले लिया। बायो-बबल से होने वाली थकान से भारतीय खिलाड़ी भी अछूते नहीं हैं, और अब केएल राहुल ने बायो-बबल में रहने से होने वाले नकारात्मक प्रभावों को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

आपको बता दें, 29 वर्षीय को आखिरी बार वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीमित ओवरों की सीरीज में खेलते हुए देखा गया था। अहमदाबाद में दूसरे वनडे मैच में केएल राहुल के बाएं पैर में मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था, जिसके कारण वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के साथ-साथ श्रीलंका के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज से भी बाहर हो गए थे। हालांकि, चोट तो उनके घरेलू सीरीज बाहर होने का कारण थी ही लेकिन उन्होंने खुलासा किया है कि वह उस सीरीज में खेलने की मनः स्थिति में नही थे।

बायो-बबल में रहना है बेहद मुश्किल: केएल राहुल

केएल राहुल ने क्लब हाउस ऐप पर रेड बुल क्रिकेटके साथ खास बातचीत के दौरान कहा: “मैं शुरू में काफी ठीक था, लेकिन मुझे आखिरी सीरीज (दक्षिण अफ्रीका दौरा) और वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज के दौरान वाकई दिक्कत हुई। मेरे लिए खुद को प्रेरित रखना बहुत मुश्किल हो गया था।”

उन्होंने आगे बताया: “शुरूआती कुछ बुलबुले मैंने जैसे तैसे मैनेज किए, क्योंकि मैं खुद से पूछता रहा, ‘मैं खेल के मैदान के अलावा और कहां हो सकता हूं? मैं क्रिकेट के अलावा और क्या कर सकता हूँ?’ कुछ नहीं। क्रिकेट ही एकमात्र ऐसी चीज है जिसमें मैं अच्छा हूं और यही वह चीज है जिसे मैंने चुना है, इसलिए मैं इसका ऋणी हूं।”

चोटिल होने के बाद केएल राहुल ने बेंगलुरु में स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) में कुछ समय बिताया और अब वह आगामी आईपीएल (IPL) 2022 के लिए अपनी टीम लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़ चुके हैं। पिछले कुछ महीनों को कठिन बताते हुए राहुल ने कहा: “मैं खुद को इसी तरह आगे बढ़ाता रहा। लेकिन पिछले कुछ महीने काफी मुश्किल भरे रहे। श्रेयस अय्यर और मैं इस बारे में बात कर रहे थे कि बायो-बबल में रहना और अधिक कठिन होता जाता है, खासकर जब आपका परिवार आपके साथ न हो। सामान्य महसूस करने के लिए आपको अपने परिवार, अपने दोस्तों की जरुरत होती है। हमने सामान्य महसूस करना बंद कर दिया। हमें सोना, उठना, मैदान पर जाना होता है, और बस यह एक रूटीन बन गया है। यह दिनचर्या बहुत मुश्किल और कठिन लगने लगी है।”

 

close whatsapp