एशेज 2023 में इंग्लैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की अप्रोच को लेकर एलेक्स केरी ने किया बड़ा खुलासा - क्रिकट्रैकर हिंदी

एशेज 2023 में इंग्लैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की अप्रोच को लेकर एलेक्स केरी ने किया बड़ा खुलासा

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जाने वाली 2023 एशेज सीरीज का पहला टेस्ट 16 जून से एजबेस्टन में खेला जाना है।

Alex Carey
Alex Carey. (Photo by Ryan Pierse/Getty Images)

ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज एलेक्स केरी ने 16 जून से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू हो रही बहुप्रतीक्षित एशेज 2023 सीरीज में कंगारुओं की अप्रोच को लेकर अहम संकेत दिए हैं।

आगामी एशेज 2023 का पहला टेस्ट 16 जून से एजबेस्टन में खेला जाना है, और एलेक्स केरी ने दावा किया है कि ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम इस टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड की फेमस बैजबॉल स्टाइल को कॉपी नहीं करेगी। उन्होंने यह भी कहा जिस तरह से इंग्लैंड एशेज सीरीज में खेलेगा, उससे ऑस्ट्रेलियाई टीम को आश्चर्य नहीं होगा।

ऑस्ट्रेलिया की स्टाइल इंग्लैंड की बैजबॉल स्टाइल से अलग होगी: केरी

एलेक्स केरी ने SEN रेडियो के हवाले से कहा: “हमने मीडिया में कुछ चीजें सुनी हैं जैसे विकेट कैसे हो सकते हैं, बाउंड्री, और इंग्लैंड इस समय जिस तरह की क्रिकेट खेल रहा है, आदि, यह एशेज 2023 से पहले बेहद आकर्षक लग रहा है। मुझे लगता है कि इंग्लैंड जिस तरह से एशेज सीरीज में खेलेगा, उससे अब हम बिलकुल भी हैरान नहीं होंगे। अगले कुछ हफ्तों में टेक्टिकल चीजें शुरू हो जाएंगी, लेकिन मुझे नहीं लगता कि हमारे बल्लेबाज इंग्लैंड की तरह स्कोर करने की कोशिश कर करेंगे।

हम अपना खेल अपने ही तरीके से खेलेंगे, जो इंग्लैंड की बैजबॉल स्टाइल से अलग होगा। जिस स्टाइल में हम खेल रहे हैं, उससे हमें पिछले 18-24 महीनों में शानदार सफलता मिली है, इसलिए हम उसी स्टाइल में अलग-अलग परिस्थितियों में खेलना चाहते हैं और इसी के चलते हम WTC 2023 फाइनल में जगह बना पाए हैं।

हम इंग्लैंड आने और एक ऐसी टीम का सामना करने के लिए बेहद उत्साहित हैं, जो इस समय वास्तव में बेहद शानदार क्रिकेट खेल रही है। एक खिलाड़ी के तौर पर मुझे लगता है कि आगामी एशेज में कड़ा मुकाबला होने वाला है और मैं उस पहले टेस्ट के बारे में सोचकर-सोचकर ही मुस्कुरा रहा हूं।”

एशेज 2023 के पहले दो टेस्ट मैचों के लिए ऑस्ट्रेलिया का स्क्वॉड:

पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स केरी, कैमरून ग्रीन, मार्कस हैरिस, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंगलिस, उस्मान ख्वाजा, मारनस लाबुशेन, नाथन लियोन, मिचेल मार्श, टॉड मर्फी, मैथ्यू रेनशॉ, स्टीव स्मिथ (उप-कप्तान), मिशेल स्टार्क, डेविड वार्नर।

close whatsapp