आईपीएल 2024 में मयंक यादव की सैलरी के बारे में जाने यहां
इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में मयंक यादव ने अभी तक लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से सिर्फ दो ही मैच खेले हैं और उन्होंने 6 विकेट अपने नाम कर लिए हैं।
अद्यतन - अप्रैल 3, 2024 5:57 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में लखनऊ सुपर जायंट्स के युवा तेज गेंदबाज मयंक यादव ने मात्र दो ही मुकाबलों में अपनी छाप छोड़ी है। मयंक यादव का जन्म नई दिल्ली में हुआ था और उन्हें भारतीय घरेलू क्रिकेट में दिल्ली की ओर से खेलते हुए देखा जाता है। इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में मयंक यादव ने अभी तक लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से सिर्फ दो ही मैच खेले हैं और उन्होंने 6 विकेट अपने नाम कर लिए हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स ने 2 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच खेला था जिसमें मयंक यादव ने 156.7 केएमपीएच की गति से गेंद फेंकी थी। यह इंडियन प्रीमियर लीग 2024 सीजन की सबसे तेज गेंद है। बता दें, लखनऊ टीम की ओर से मयंक यादव ने अपना आईपीएल डेब्यू पंजाब किंग्स के खिलाफ किया था। उन्होंने अपने पहले ही ओवर में 150 केएमपीएच की गति से गेंद फेंकी थी। यही नहीं उन्होंने अपने दूसरे ओवर की पहली गेंद 155.8 केएमपीएच की गति से फेंकी थी।
लखनऊ सुपर जायंट्स के इस युवा तेज गेंदबाज की कई लोग जमकर प्रशंसा कर रहे हैं। भले ही मयंक यादव ने अभी तक इंडियन प्रीमियर लीग में सिर्फ दो ही मैच खेले लेकिन तमाम लोगों का मानना है कि उन्हें आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2024 की भारतीय टीम में शामिल किया जाना चाहिए।
जाने क्या है मयंक यादव की आईपीएल सैलरी?
लखनऊ सुपर जायंट्स ने मयंक यादव को इंडियन प्रीमियर लीग 2022 की नीलामी में 19 साल की उम्र में अपनी टीम में शामिल किया था। लखनऊ सुपर जायंट्स ने मयंक यादव को 20 लाख रुपए में खरीदा था। लगभग 2 सीजन तक मयंक यादव ने लखनऊ टीम के लिए नेट्स में जमकर अभ्यास किया। इंडियन प्रीमियर लीग 2023 सीजन में भी मयंक यादव चोटिल होने की वजह से लखनऊ टीम की ओर से नहीं खेल पाए थे। हालांकि इकाना क्रिकेट स्टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ मयंक यादव ने अपना डेब्यू किया और पहले ही मैच में इस युवा गेंदबाज ने अपनी छाप छोड़ी।
लखनऊ टीम को अब अपना अगला मुकाबला 7 अप्रैल को गुजरात टाइटंस के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेलना है। कई दिग्गज खिलाड़ियों ने भी मयंक यादव की जमकर प्रशंसा की है। युवा तेज गेंदबाज भी आगामी मैच में अपनी छाप छोड़ना चाहेंगे। इस समय मयंक यादव की आईपीएल सैलरी भले ही 20 लाख रुपए है लेकिन 2025 सीजन में उनके कॉन्ट्रैक्ट में बड़ा बदलाव देखा जा सकता है। अगर 2025 सीजन से पहले लखनऊ टीम इस युवा खिलाड़ी को रिलीज करती है तो कई टीमें मयंक यादव को अपने स्क्वॉड में शामिल करना चाहेगी।