भारत बनाम अफगानिस्तान एकमात्र टेस्ट मैच WTC 2025-27 का हिस्सा क्यों नहीं? जानिए बड़ी वजह

भारत बनाम अफगानिस्तान एकमात्र टेस्ट मैच WTC 2025-27 का हिस्सा क्यों नहीं? जानिए बड़ी वजह

भारत के लिए यह एक महत्वपूर्ण टेस्ट होगा, मगर WTC की रेस में इससे कोई अंक नहीं जुड़ेंगे

IND-AFG (Image credit Twitter - X)
IND-AFG (Image credit Twitter – X)

भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 जून से न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा। यह मैदान पहली बार किसी टेस्ट मैच की मेजबानी करेगा और भारत का 31वां टेस्ट वेन्यू बन जाएगा। हालांकि, इस ऐतिहासिक मुकाबले को ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 का हिस्सा नहीं माना जाएगा।

अफगानिस्तान WTC में क्यों नहीं खेलता?

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में केवल चुनिंदा टेस्ट खेलने वाले देश शामिल होते हैं। ICC आमतौर पर टेस्ट रैंकिंग की शीर्ष नौ टीमों को ही इस टूर्नामेंट में जगह देता है। अफगानिस्तान अभी उन शीर्ष टीमों में शामिल नहीं है, इसलिए वह WTC का हिस्सा नहीं है। यही कारण है कि भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाला यह टेस्ट मैच WTC के तहत नहीं खेला जाएगा। इसे केवल एक द्विपक्षीय (बाइलेटरल) टेस्ट मुकाबला माना जाएगा।

ICC के नियमों के अनुसार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में शामिल सीरीज में कम से कम दो या उससे अधिक टेस्ट मैच होने चाहिए। भारत और अफगानिस्तान के बीच केवल एक टेस्ट मैच खेला जाना है। इसलिए यह मुकाबला WTC के नियमों के अनुरूप नहीं है और चैंपियनशिप के अंक इसमें नहीं जोड़े जाएंगे।

क्या भारत की WTC रैंकिंग पर असर पड़ेगा?

इस मैच के नतीजे का भारत की WTC स्थिति पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। भारतीय टीम ने अब तक WTC 2025-27 चक्र में नौ टेस्ट खेले हैं। इनमें चार मैच जीते, चार हारे और एक ड्रॉ रहा है।

फिलहाल कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई वाली भारतीय टीम WTC अंक तालिका में छठे स्थान पर है। टीम का प्वाइंट्स प्रतिशत (PCT) 48.15 है और अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले इस टेस्ट के बाद इसमें कोई बदलाव नहीं होगा।

अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट के बाद भारत की अगली WTC सीरीज लगभग पांच महीने बाद न्यूजीलैंड दौरे पर होगी। इसके बाद भारतीय टीम घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ प्रतिष्ठित बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खेलेगी, जिसकी शुरुआत जनवरी 2027 में नागपुर से होगी। यह पांच मैचों की बड़ी टेस्ट सीरीज होगी।

close whatsapp