WI v IND: दो घंटे की देरी से शुरू होगा दूसरा टी-20 मुकाबला - क्रिकट्रैकर हिंदी

WI v IND: दो घंटे की देरी से शुरू होगा दूसरा टी-20 मुकाबला

दोनों टीमों के बीच दूसरा टी-20 मैच भारतीय समयनुसार रात 8 बजे शुरू होना था।

Ravi Bishnoi with his Teammates. (Photo Source: Twitter)
Ravi Bishnoi with his Teammates. (Photo Source: Twitter)

वेस्टइंडीज और भारत के बीच दूसरा T20I, जो रात के 8:00 बजे से शुरू होने वाला था, अब 10:00 बजे शुरू होगा। क्रिकेट वेस्टइंडीज ने बताया कि भारतीय खिलाड़ियों का सामान त्रिनिदाद से सेंट किट्स पहुंचने में देरी हुई जिस वजह से मुकाबला दो घंटे देरी से शुरू होगा। पुराने शेड्यूल के अनुसार यह मैच भारतीय समयानुसार 8 बजे शुरू होना था।

दोनों टीमों ने त्रिनिदाद के ब्रायन लारा स्टेडियम में पहला T20I खेला, जहां भारत ने 68 रनों से जीत के साथ पांच मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली। दोनों टीमों के खिलाड़ी दूसरे और तीसरे T20I के लिए सेंट किट्स रवाना हुए, चूंकि सामान के आने में देरी हो रही थी, इसलिए मैच को फिर से रिशेड्यूल करना पड़ा। अंतिम दो T20I फ्लोरिडा में खेले जाएगा, लेकिन वहां भी बदलाव देखने को मिल सकता है क्योंकि दोनों टीमों को अभी तक वीजा मंजूरी नहीं मिली है।

क्रिकेट वेस्टइंडीज ने प्रेस रिलीज जारी कर दी सूचना

क्रिकेट वेस्टइंडीज ने अपनी प्रेस रिलीज में कहा ‘सीडब्ल्यूआई के नियंत्रण से बाहर की परिस्थितियों के कारण टीम का महत्वपूर्ण सामान त्रिनिदाद से सेंट किट्स में पहुंचने में देरी हुई है। जिस वजह से आज का मुकाबला भारतीय समयानुसार 10 बजे शुरू होगा। सीडब्ल्यूआई को हमारे मूल्यवान प्रशंसकों, प्रायोजकों, प्रसारण भागीदारों और अन्य सभी हितधारकों को हुई किसी भी असुविधा के लिए खेद है।’

हालांकि यह पहली बार नहीं है जब किसी मैच की टाइमिंग में बदलाव किया गया हो। 1986-87 में जब ऑस्ट्रेलिया भारत दौरे पर आया था तब जमशेदपुर में होने वाला एकदिवसीय मैच स्थगित कर दिया गया था क्योंकि टीम का सामान नहीं आया था। मौजूदा सीरीज में, दोनों टीमों के बीच दो मैचों के बीच तीन दिन का ब्रेक था क्योंकि उन्हें एक शहर से दूसरे शहर ट्रैवल करना था।

भारत ने त्रिनिदाद में खेले गए पहले टी-20 मैच में एक आसान जीत हासिल की। आगामी मैच वेस्टइंडीज के लिए महत्वपूर्ण होगा क्योंकि वे भारत के खिलाफ घर में पहली बार एकदिवसीय सीरीज में 0-3 से हार गए थे। इस प्रकार, मेजबान टीम सीरीज को बराबर करने की कोशिश करेगी जबकि भारत इस 1-0 के बढ़त को 2-0 करना चाहेगा।

close whatsapp