क्या एक खराब IPL सत्र कायरन पोलार्ड की जिंदगी बदल देगा? जाने क्या कहा हरभजन सिंह ने - क्रिकट्रैकर हिंदी

क्या एक खराब IPL सत्र कायरन पोलार्ड की जिंदगी बदल देगा? जाने क्या कहा हरभजन सिंह ने

मुंबई इंडियंस पहले ही जेसन बेहरेनडॉर्फ को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) से खरीद चुकी है।

Harbhajan Singh and Kieron Pollard (Pic Source-Twitter)
Harbhajan Singh and Kieron Pollard (Pic Source-Twitter)

भारतीय टीम के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह का मानना है कि मुंबई इंडियंस (MI) को कायरन पोलार्ड को IPL 2023 में रिलीज कर देना चाहिए और उनकी जगह ऐसे खिलाड़ी को टीम में शामिल करना चाहिए जो आने वाले 4 से 5 सालों में टीम को और मजबूत करेंगे।

बता दें, दिसंबर में होने वाले IPL 2023 मिनी ऑक्शन के लिए सभी फ्रेंचाइजियों को आज यानी 15 नवंबर तक अपने उन सभी खिलाड़ियों का नाम घोषित कर देना है जिनको उन्हें रिटेन करना है और जिनको उन्हें रिलीज करना है। मुंबई इंडियंस पहले ही जेसन बेहरेनडॉर्फ को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) से खरीद चुकी है।

पोलार्ड की बात की जाए तो वो फ्रेंचाइजी के साथ 2009 सत्र से हैं और उन्होंने अपनी शानदार बल्लेबाजी से टीम को कई मुकाबलों में जीत दिलाई है। हालांकि IPL 2024 सत्र उनका इतना अच्छा नहीं रहा था। पोलार्ड ने 11 पारियों में मात्र 144 रन ही बनाए थे।

मुंबई इंडियंस को कुछ मुश्किल फैसले लेने होंगे: हरभजन सिंह

बता दें, हरभजन सिंह ने मुंबई इंडियंस की ओर से 2008 से 2017 तक कई मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उनकी मानें तो फ्रेंचाइजी को अपने भविष्य के बारे में सोचना चाहिए और कायरन पोलार्ड को अपनी टीम से रिलीज कर देना चाहिए। उनका यह भी मानना है कि टिम डेविड और कैमरन ग्रीन पोलार्ड की जगह ले सकते हैं।

हरभजन सिंह ने स्टार स्पोर्ट्स में कहा कि, ‘मुझे लगता है कि मुंबई इंडियंस के लिए बहुत ही मुश्किल होगा कि वो कायरन पोलार्ड को रिलीज करें। उन्होंने कई सालों तक इस फ्रेंचाइजी के लिए खेला है। लेकिन हां कभी-कभी आपको कुछ मुश्किल फैसले लेने होते हैं और इस बार भी ऐसा ही आपको करना होगा। उन्हें आगे बढ़ना होगा और ऐसे खिलाड़ी को टीम में शामिल करना होगा जो आने वाले 4 से 5 सालों में टीम को और मजबूती दे जैसे पोलार्ड ने इतने सालों तक दी है।’

हरभजन ने आगे कहा कि, ‘हां उनके पास टिम डेविड है जो यह भूमिका काफी अच्छी तरह से निभा सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया के कैमरन ग्रीन भी उनके बेहतरीन विकल्प होंगे। यह बहुत ही मुश्किल फैसला होने वाला है, लेकिन अब समय आ गया है इस बारे में सोचने का।’

close whatsapp