‘वह अपने प्रदर्शन से खुश नहीं….’- वेस्टइंडीज के खिलाफ दीप्ति शर्मा के मैच विनिंग स्पेल के बाद हरमनप्रीत कौर का बड़ा बयान
महिला टी-20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ दीप्ति शर्मा ने 4 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
अद्यतन - फरवरी 16, 2023 2:36 अपराह्न

महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2023 में पाकिस्तान के खिलाफ पहले मुकाबले में दीप्ति शर्मा का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था। उस मुकाबले में 4 ओवर में दीप्ति ने 39 रन देकर 1 विकेट हासिल किया था, लेकिन दूसरे मैच में उन्होंने कमाल की वापसी की। वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले में दीप्ति ने 4 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट अपने नाम कर मैच विनिंग स्पेल डाला था।
इसी के साथ दीप्ति टी-20 अंतराष्ट्रीय में भारत के लिए 100 विकेट प्राप्त करने वाली पहली महिला खिलाड़ी भी बन गई। इसी बीच भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर जमकर दीप्ति शर्मा की तारीफ करते हुए नजर आ रही हैं।
दीप्ति शर्मा को लेकर हरमनप्रीत कौर ने कही यह बात
भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में 7 विकेट से जीत हासिल की थी। दूसरे मैच में भी भारत ने उसी फॉर्म बरकरार रखा। दीप्ति शर्मा की शानदार गेंदबाजी हरमनप्रीत कौर के 33 रन और ऋचा घोष के 44 रनों की ताबड़तोड़ पारी के बदौलत भारत इस मैच को 6 विकेट से अपने नाम करने में कामयाब रहा। इस मैच के बाद पोस्ट मैच प्रजेंटेशन सेरेमनी में कप्तान हरमनप्रीत कौर दीप्ति शर्मा की शानदार गेंदबाजी और ऋचा घोष के ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की जमकर तारीफ करती हुई नजर आई।
वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत के बाद हरमनप्रीत कौर ने दीप्ति शर्मा को लेकर कहा कि, ‘यह हमारे लिए शानदार दिन था हम जो करना चाहते थे वह हमने किया खासकर गेंदबाजी में। हमने टीम मीटिंग में दीप्ति की गेंदबाजी के बारे में बात की थी। पहले मैच में दीप्ति खुद अपने प्रदर्शन से खुश नहीं थी। गेंदबाजी कोच ने दीप्ति के साथ बात कर उसकी मदद की और वह जो चाहती थी वह करने में कामयाब रही।’
ऋचा कभी भी मैच का रूख बदल सकती है- हरमनप्रीत कौर
ऋचा घोष ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले मुकाबले में भी फिनिशिंग पारी खेल टीम को मैच जीतने में मदद की थी। वेस्टइंडीज के खिलाफ ऋचा घोष ने 32 गेंदो का सामना करते हुए 5 चौकों की मदद से 44 रनों की पारी खेली। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने ऋचा घोष की बल्लेबाजी के बारे में बात करते हुए कहा, ‘ऋचा हमारे टीम के लिए शानदार हैं वह ऐसी खिलाड़ी है जो कभी भी मैच का रूख बदल सकती है। उसे ऐसे फॉर्म में देखकर हम खुश है।’
भारत के अगले मैच को लेकर बात करते हुए हरमनप्रीत कौर ने कहा, ‘वर्ल्ड कप में पहले दो मुकाबलों में मिले नतीजों से हम खुश हैं। हम अगले मैचों में भी इसी लय को बरकरार रखना चाहेंगे।’ टी-20 वर्ल्ड कप में अगला मैच भारतीय टीम 18 फरवरी को इंग्लैंड के साथ खेलेगी।