कोविड-19 खतरों से बचने के लिए महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2022 में होने जा रहे है ये अजीबो-गरीब बदलाव
आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2022 4 मार्च से न्यूजीलैंड में खेला जाएगा।
अद्यतन - मार्च 3, 2022 11:48 पूर्वाह्न

जब से वैश्विक कोविड-19 महामारी सामने आई है, तब से कई प्रमुख क्रिकेट सीरीज और टूर्नामेंट स्थगित और रद्द कर दिए गए हैं, और यहां तक कि कुछ टूर्नामेंटों को शिविरों में तेजी से फैलने वाले वायरस के चलते बीच में ही रोकना पड़ा हैं।
महिला और पुरुष दोनों के लिए ही यह साल काफी व्यस्त हैं, और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) कोविड-19 महामारी से उठने वाले संभावित खतरों को लेकर पहले ही सजग हो चुकी हैं, ताकि अब और कोई सीरीज या टूर्नामेंट स्थगित ना करना पड़े।
मार्च में महिला क्रिकेट का प्रमुख टूर्नामेंट आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2022 न्यूजीलैंड में आयोजित किया जाएगा, वहीं कोविड-19 महामारी ने भी सभी तरफ अपने पैर पसारे हुए हैं, जिसे देखते हुए आगामी महिला एकदिवसीय टूर्नामेंट को जारी रखने के लिए ग्यारह की जगह नौ खिलाड़ियों के साथ टीमों को मैदान में उतारा जा सकता हैं।
महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2022 में उतारी जा सकती हैं 9 खिलाड़ियों की प्लेइंग XI
टीमों में तेजी से फैलने वाले कोरोना वायरस के कारण महिला वर्ल्ड कप 2022 में अवरोध से बचने के लिए खेल की स्थिति को संशोधित किया गया है। ICC के हेड ऑफ इवेंट्स क्रिस टेटली ने 24 फरवरी को पुष्टि की हैं कि टीमों को अब कम लाइन-अप के साथ मैदान में उतरने की अनुमति होगी, अगर उनके दस्ते में कोविड-19 के मामले पाए जाते हैं। ऐसे मामलों में, टीमों के कोचिंग और सपोर्ट स्टाफ के सदस्य स्थानापन्न क्षेत्ररक्षक के रूप में मैदान में आ सकते हैं।
क्रिस टेटली ने ESPNCricinfo के हवाले से बताया: “अगर यह आवश्यक हो जाता है तो हम इस वैश्विक कोविड-19 महामारी के माहौल के अपवाद के रूप में एक टीम को नौ खिलाड़ियों को मैदान में उतारने की अनुमति देंगे। अगर उनके पास उनकी प्रबंधन टीम के भीतर महिला विकल्प हैं, तो हम दो विकल्प खेलने की अनुमति देंगे – गैर-बल्लेबाजी और गैर-गेंदबाजी – ताकि टूर्नामेंट को जारी रखा जा सके।”
बता दें, प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों को अपने साथ तीन ट्रैवलिंग रिजर्व लाने की अनुमति दी गई है, जिन्हें 15 सदस्यीय दस्ते में से किसी के भी संक्रमित होने की स्थिति में टीम में शामिल किया जा सके।