Women's World Cup 2025: शेफाली वर्मा बोलीं – ‘भगवान ने मुझे खास काम के लिए भेजा है’, सेमीफाइनल में कमाल दिखाने को तैयार

Women’s World Cup 2025: शेफाली वर्मा बोलीं – ‘भगवान ने मुझे खास काम के लिए भेजा है’, सेमीफाइनल में कमाल दिखाने को तैयार

शेफाली वर्मा को भारत की विश्व कप टीम में चोटिल प्रतीका रावल की जगह शामिल किया गया।

Shafali Verma (Image Credit - Twitter X)
Shafali Verma (Image Credit – Twitter X)

भारत की युवा स्टार बल्लेबाज शेफाली वर्मा को महिला विश्व कप 2025 के सेमीफाइनल से ठीक पहले टीम इंडिया में शामिल किया गया है। वह चोटिल प्रतीका रावल की जगह टीम का हिस्सा बनी हैं। शेफाली शुरू में भारतीय टीम के चयन में शामिल नहीं थीं,

लेकिन किस्मत ने उन्हें बड़ा मौका दे दिया। प्रतीका रावल, जो टूर्नामेंट में भारत की सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज रही थीं, बांग्लादेश के खिलाफ आखिरी ग्रुप मैच में फील्डिंग के दौरान टखना मुड़ने से चोटिल हो गईं। इस चोट के कारण वे आगे नहीं खेल सकीं और भारत के लिए यह बड़ा झटका था।

लेकिन इसी झटके ने शेफाली के लिए दरवाजा खोल दिया। हरियाणा की कप्तान के तौर पर वह घरेलू टूर्नामेंट खेल रही थीं, तभी उन्हें टीम इंडिया में बुलावा आया। लंबे समय से वनडे टीम से बाहर चल रही शैफाली ने वापसी के लिए खूब मेहनत की।

घरेलू सीनियर वनडे ट्रॉफी में उन्होंने 527 रन बनाए और फिर डब्ल्यूपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा भारत ए टीम के साथ दौरों पर उन्होंने अहम पारियां खेलीं।

शेफाली बोलीं भगवान ने मुझे टीम के लिए कुछ अच्छा करने भेजा है।

सेमीफाइनल से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में शेफाली ने कहा, प्रतीका के साथ जो हुआ, वो किसी खिलाड़ी के साथ नहीं होना चाहिए, लेकिन शायद भगवान ने मुझे यहां किसी अच्छे काम के लिए भेजा है। मैं बस वही करने की कोशिश करूंगी।

उन्होंने यह भी बताया कि स्मृति मंधाना के साथ ओपनिंग करना उनके लिए आसान रहेगा क्योंकि दोनों की तालमेल पहले से अच्छी है। उन्होंने कहा, मैंने पिछले दो दिनों में लंबा अभ्यास किया है। मैं कोशिश कर रही हूं कि शांत रहूं और अच्छे गेंदों को ग्राउंड शॉट में खेलूं। जो गेंदें मेरे रेंज में हैं, उन्हें पूरे आत्मविश्वास से हिट करूं।

अब जब भारत ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ उतरेगा, तो सबकी निगाहें इस युवा ओपनर पर होंगी, जो मानती हैं कि उनका यहां आना किसी “दिव्य योजना” का हिस्सा है और वो इसे साबित करने को पूरी तरह तैयार हैं।

close whatsapp