World Cup 2023: वनडे वर्ल्ड कप के लिए नीदरलैंड की तैयारियों में KSCA करने जा रहा है बड़ी मदद!
नीदरलैंड अपने वर्ल्ड कप 2023 अभियान की शुरुआत 6 अक्टूबर को हैदराबाद में पाकिस्तान के खिलाफ करेगा।
अद्यतन - Aug 8, 2023 5:53 pm

नीदरलैंड भारत में 5 अक्टूबर से खेले जाने वाले आगामी ICC Cricket World Cup 2023 में हिस्सा लेने जा रहा है, जिसके लिए डच टीम यहां की परिस्थितियों से वाकिफ होने के लिए कर्नाटक में एक कैंप में हिस्सा लेने वाली है।
दरअसल, नीदरलैंड क्रिकेट टीम अगले महीने सितंबर में बेंगलुरु के अलूर में 12 दिवसीय कैंप में हिस्सा लेने वाली है। इस कैंप का आयोजन नीदरलैंड क्रिकेट और कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) द्वारा किया जा रहा है। यह ट्रेनिंग कैंप आगामी आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 से पहले 19 सितंबर से 1 अक्टूबर तक KSCA की अलूर फैसिलिटी में आयोजित किया जाना है।
KSCA ने नीदरलैंड क्रिकेट टीम के कैंप की पुष्टि की
कुछ नीदरलैंड क्रिकेट के अधिकारियों द्वारा क्रिकबज को इस कैंप के बारे में सूचित करने के बाद KSCA के एक अधिकारी ने इस ट्रेनिंग कैंप की पुष्टि की। इस बीच, नीदरलैंड क्रिकेट टीम 1996, 2003, 2007 और 2011 संस्करणों में भाग लेने के बाद पांचवीं बार वनडे वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने जा रही है। नीदरलैंड अपने वर्ल्ड कप 2023 अभियान की शुरुआत 6 अक्टूबर को हैदराबाद में पाकिस्तान के खिलाफ करेगा।
यहां पढ़िए: वनडे वर्ल्ड कप 2023 के लिए BCCI अपनी सबसे मजबूत स्क्वॉड को कर रही तैयार
इसके बाद नीदरलैंड टीम 9 अक्टूबर को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ, 17 अक्टूबर को धर्मशाला में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ, 21 अक्टूबर को लखनऊ में श्रीलंका के खिलाफ, 25 अक्टूबर को दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ, 28 अक्टूबर को कोलकाता में बांग्लादेश के खिलाफ अपने वर्ल्ड कप 2023 मैच खेलेगी।
नीदरलैंड क्रिकेट टीम का सामना भारत से 11 नवंबर को होगा
वहीं, नीदरलैंड का सामना 3 नवंबर को लखनऊ में अफगानिस्तान से, 8 नवंबर को पुणे में इंग्लैंड से होगा और वे आगामी वनडे वर्ल्ड कप 2023 में अपना अंतिम लीग मैच 11 नवंबर को बेंगलुरु में मेजबान भारत के खिलाफ खेलेंगे। आपको बता दें, स्कॉट एडवर्ड्स की अगुवाई वाली डच टीम ने कई बाधाओं के बावजूद और वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे जैसी मजबूत टीमों को मात देकर आगामी वर्ल्ड कप 2023 के लिए क्वालीफाई किया है।