World Cup Qualifiers 2023: पहला दिन, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज ने जीत के साथ की टूर्नामेंट की शुरुआत
आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 इस साल भारत की मेजबानी में खेला जाना है। इसके लिए आठ टीमें सीधे क्वालीफाई कर चुकी हैं।
अद्यतन - Jun 19, 2023 2:26 pm

आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 इस साल भारत की मेजबानी में खेला जाना है। इसके लिए आठ टीमें सीधे क्वालीफाई कर चुकी हैं। वहीं 10 अन्य टीमों के बीच क्वालीफायर खेला जा रहा है, जिसकी शुरुआत 18 जून से हुई है। पहले दिन दो मुकाबले खेले गए। जहां जिम्बाब्वे ने नेपाल को 8 विकेट से हराया। वहीं वेस्टइंडीज ने यूएसए को 39 रनों से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की।
जिम्बाब्वे के कप्तान क्रेग एर्विन ने टॉस जीता और नेपाल को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। हालांकि, उनका ये फैसला उलटा पड़ गया। क्योंकि नेपाल के सलामी बल्लेबाजों कुशल भर्तेल और आसिफ शेख ने शतकीय साझेदारी करते हुए टीम को जबरदस्त शुरुआत दिलाई। कुशल अपने शतक की ओर तेजी से बढ़ रहे थे कि 99 के निजी स्कोर पर उन्हें मसाकाद्जा ने आउट कर उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
इसके बाद आशिफ शेख भी 66 रन बनाकर चलते बने। लगातार दो विकेट गिरने के बाद कुशल मल्ला और रोहित पोडैल ने क्रमश: 41 और 31 रनों की पारी खेली। हालांकि, नेपाल ने इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट पर 290 रन बनाए। जिम्बाब्वे की ओर से रिचर्ड नगारवा ने 43 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए।
एर्विन और विलियम्स ने जिम्बाब्वे को जीत दिलाई
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे को सलामी बल्लेबाज जॉयलॉर्ड गंबी और एर्विन ने अच्छी शुरुआत दिलाई और दोनों ओपनर ने पहले विकेट के लिए 45 रन जोड़े। इस साझेदारी को नेपाल के तेज गेंदबाज सोमपाल कामी ने जॉयलॉर्ड (25) को एलबीडब्ल्यू आउट कर तोड़ा। वेस्ली मधेवेरे ने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 32 रनों का योगदान दिया।
इसके बाद जिम्बाब्वे के लिए कप्तान क्रेग एर्विन और विलियम्स ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। दोनों बल्लेबाजों के शतक की बदौलत जिम्बाब्वे ने 44.1 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। एर्विन ने 128 गेंदों में 15 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 121 रन बनाए।
वहीं विलियम्स ने 70 गेंदों में नाबाद 102 रनों की धमाकेदार पारी खेली। अपनी पारी में विलियम्स ने 13 चौके और एक छक्का लगाया।
यूएसए के खिलाफ वेस्टइंडीज की शानदार जीत
दिन के दूसरे मुकाबले में टॉस हारकर वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बोर्ड पर 297 रनों का स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाजों के विकेट जल्दी गंवाने के बाद होल्डर, होप, जॉनसन चार्ल्स, और रोस्टन चेज ने अर्धशतकीय पारी खेली। जिसकी बदौलत वेस्टइंडीज चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाने में सफल रही।
इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए यूएसए की टीम निर्धारित ओवर में 7 विकेट पर 258 रन ही बना सकी। टीम के लिए गजानंद सिंह ने 109 गेंदों में 101 रनों की बेहतरीन पारी खेली, लेकिन उनकी ये पारी व्यर्थ गई। वेस्टइंडीज की ओर से काइल मेयर्स और अल्जारी जोसेफ ने 2-2 विकेट चटकाए, जबकि जेसन होल्डर और रोस्टन चेज को 1-1 विकेट मिला।