वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल और आईपीएल 2023 के फाइनल के बीच नहीं होगा ज्यादा फासला! पढ़िए पूरी खबर
टीम इंडिया के पास WTC 2023 के फाइनल में जाने के लिए अभी 6 मौके बाकी हैं।
अद्यतन - Dec 7, 2022 4:02 pm

आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2023 का फाइनल 7 जून से इंग्लैंड के द ओवल में खेला जा सकता है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने अभी तक WTC 2023 के फाइनल के लिए आधिकारिक तौर पर तारीख की घोषणा नहीं की है, लेकिन खबरों के अनुसार फाइनल 7 से 11 जून तक द ओवल में खेला जाएगा।
अगर ऐसा होता है, तो भारतीय क्रिकेट टीम और बीसीसीआई के लिए दिक्कत खड़ी हो सकती है, क्योंकि आईपीएल 2023 के फाइनल की संभावित तारीख इसी के इर्दगिर्द होगी। इस बीच, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) इस समय आगामी आईपीएल 2023 के लिए शेड्यूल को अंतिम रूप देने पर काम कर रहा है।
भारत के लिए WTC 2023 के फाइनल में जाने की राह नहीं है आसान
यदि आईसीसी WTC 2023 के फाइनल के लिए 7-11 जून की तारीख तय करता है, तो भारत के लिए स्थिति थोड़ी मुश्किल हो सकती है, क्योंकि टीम इंडिया फाइनल में जाने की रेस में शामिल हैं। क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई आईपीएल 2023 के फाइनल को 28 मई या 4 जून को शेड्यूल करना चाहता है।
अगर भारतीय टीम WTC 2023 के फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लेती है, तो बीसीसीआई और भारतीय टीम प्रबंधन को आईपीएल 2023 के शेड्यूल में फेरबदल करना पड़ेगा। आईपीएल 2023 का आगाज कथित तौर पर 31 मार्च या 1 अप्रैल से अहमदाबाद में हो सकता है। आपको बता दें, भारत वर्तमान में WTC की अंक तालिका में चौथे स्थान पर है, लेकिन वे अभी भी शीर्ष दो के रूप में उभर कर सामने आ सकते हैं।
इस समय ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका WTC की अंक तालिका में भारत से आगे हैं, लेकिन टीम इंडिया इस महीने बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैच खेलने वाली हैं और फिर फरवरी-मार्च में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज खेलेगी, और इस दौरान वे फाइनल में जगह बनाने की भरपूर कोशिश करेंगे। भारत को फाइनल में पहुंचने के लिए कम से कम चार जीत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक मैच में ड्रॉ की जरूरत होगी।