WTC Final: ‘मुझे आप पर गर्व है…’- अजिंक्य रहाणे को लेकर उनकी पत्नी ने सोशल मीडिया पर लिखा प्यार भरा मैसेज
अजिंक्य रहाणे ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ WTC फाइनल की पहली पारी में 89 रनों की पारी खेली।
अद्यतन - Jun 10, 2023 3:28 pm

आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की पहली पारी में टीम इंडिया मुसीबतों से घिरी हुई नजर आ रही थी। टीम ने महज 71 रनों के अंदर 4 विकेट गंवा दिए थे। जिसके बाद रवींद्र जडेजा और अजिंक्य रहाणे के बीच 80 रनों की अहम साझेदारी हुई।
तीसरे दिन भी अजिंक्य रहाणे मैदान में डटे रहे और शार्दुल ठाकुर के साथ सातवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी निभाई। रहाणे ने 129 गेंदो में 89 रनों की पारी खेली। रहाणे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में भारत के लिए अर्धशतक जड़ने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए। इसी बीच अजिंक्य रहाणे की पत्नी ने टीम इंडिया के प्रति उनके समर्पण को लेकर सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट साझा किया है।
रहाणे पर बहुत गर्व कर रही है उनकी पत्नी राधिका
आईपीएल 2023 के सीजन में रहाणे शानदार खेल दिखाते हुए नजर आए, इस सीजन घरेलू सत्र में भी उनका प्रदर्शन शानदार था। इसी वजह से उन्हें WTC फाइनल स्क्वॉड में जगह मिली। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के दौरान अजिंक्य रहाणे को चोट लग गई थी। रहाणे की उंगली भी सूज गई थी लेकिन फिर भी उन्होंने बल्लेबाजी करना जारी रखा।
टीम के प्रति रहाणे के समर्पण को लेकर उनकी पत्नी ने इंस्टाग्राम पर एक खास पोस्ट साझा करते हुए लिखा, ‘अपनी सूजी हुई उंगली के बावजूद आपने स्कैन के लिए इनकार कर दिया और अविश्वसनीय निस्वार्थता और दृढ़ संकल्प से बल्लेबाजी पर ध्यान केंद्रित किया। आपने सभी को बहुत प्रेरित किया और क्रीज पर अपनी जगह बनाई। मुझे आपकी अटूट टीम भावना पर हमेशा गर्व है। आपको बहुत-बहुत प्यार।’
यहां देखें रहाणे की पत्नी द्वारा साझा किया गया वो पोस्ट-
चौथे दिन गेंदबाज दिखाना चाहेंगे शानदार खेल
तीसरे दिन के अंत तक दूसरी पारी में बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट के नुकसान पर 123 रन बना लिए थे। ऑस्ट्रेलिया इस वक्त भारत से 296 रन आगे चल रही है। पहली पारी में शतक जड़ने वाले ट्रैविस हेड और स्टीव स्मिथ रवींद्र जडेजा के हाथों विकेट गंवा बैठे। स्टीव स्मिथ (34 रन) और ट्रैविस हेड (18 रन) की पारी खेल पाए। चौथे दिन में भारतीय गेंदबाज शानदार खेल बरकरार रखना चाहेंगे।