WTC Final: ‘फिर जीने और प्यार करने के लिए कोई जगह नहीं….’- चौथे दिन के खेल के बाद विराट कोहली ने क्यों कही ऐसी बात
विराट कोहली चौथे दिन के अंत तक 44 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
अद्यतन - Jun 11, 2023 10:54 am

आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रोमांचक अंदाज में खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 469 रन बोर्ड पर लगाए थे। वहीं पहली पारी में टीम इंडिया 296 रनों पर ऑलआउट हो गई थी। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 270 रनों पर पारी घोषित कर भारत को 444 रनों का लक्ष्य दिया।
चौथे दिन के अंत तक भारत ने 3 विकेट के नुकसान पर 164 रन बना लिए हैं। विराट कोहली (44 रन) और अजिंक्य रहाणे (20 रन) पर क्रीज पर मौजूद है। चौथे दिन के खत्म होने के बाद विराट कोहली ने सोशल मीडिया पर एक खास मैसेज शेयर किया, जो जमकर वायरल हो रहा है।
चौथे दिन के खेल के बाद विराट कोहली ने शेयर की यह बात
आईपीएल 2023 के इस सीजन में विराट कोहली ने शानदार खेल दिखाया है। विराट कोहली ने सीजन में दो बैक टू बैक शतक भी जड़े थे। जिसके चलते WTC फाइनल में टीम इंडिया और फैंस को उनसे बहुत उम्मीदें हैं। पहली पारी में विराट कोहली 14 रन पर मिचेल स्टार्क के हाथों पवेलियन लौट गए थे। जिसके बाद सोशल मीडिया पर विराट कोहली की काफी ज्यादा आलोचना भी हो रही थी।
लेकिन दूसरी पारी में विराट कोहली अच्छे लय में नजर आ रहे हैं। विराट कोहली ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें लिखा हुआ है, ‘यदि हमारे पास बहुत अधिक चिंताएं, भय और शंकाएं हैं, तो हमारे पास जीने और प्यार करने के लिए कोई जगह नहीं है, हमें अभ्यास करने और जाने देने की आवश्यकता है।’
यहां देखिए विराट की वो इंस्टा स्टोरी
रहाणे और कोहली करना चाहेंगे बड़ी पॉर्टनरशिप
अजिंक्य रहाणे ने पहली पारी में भारत के लिए शानदार खेल दिखाया था। अजिंक्य रहाणे ने 129 गेंदो में 89 रनों की पारी खेली थी। रहाणे ने रवींद्र जडेजा के साथ 80 और शार्दुल ठाकुर के साथ शतकीय साझेदारी निभाई थी। भारत को जीत के लिए 97 ओवर में 280 रनों की जरूरत है। विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे दोनों को ही शुरूआत से ही संभल कर ऑस्ट्रेलिया पर अटैक करने की जरूरत हैं। दोनों ही बल्लेबाज बड़ी साझेदारी निभाकर टीम को जीत दिलाना चाहेंगे।