'IPL के चलते उसे WTC Final में जगह बिल्कुल नहीं मिली है..'- अजिंक्य रहाणे को लेकर सुनील गावस्कर का बड़ा बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘IPL के चलते उसे WTC Final में जगह बिल्कुल नहीं मिली है..’- अजिंक्य रहाणे को लेकर सुनील गावस्कर का बड़ा बयान

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल 7 जून से 11 जून के बीच इंग्लैंड के ओवल में खेला जाएगा।

Ajinkya Rahane Sunil Gavaskar (Photo Source: Twitter)
Ajinkya Rahane Sunil Gavaskar (Photo Source: Twitter)

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल के लिए BCCI ने भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। फाइनल स्क्वॉड में अजिंक्य रहाणे को भी जगह मिली है जो इस वक्त चर्चा का विषय बनी हुई है। आपको बता दें अजिंक्य रहाणे ने भारत के लिए आखिरी टेस्ट मैच जनवरी 2022 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला था। जिसके बाद खराब फॉर्म के चलते उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था।

अजिंक्य रहाणे बीसीसीआई के कॉन्ट्रैक्ट प्लेयर की लिस्ट में भी जगह बना पाने में नाकामयाब रहे थे। अजिंक्य रहाणे इस साल रणजी ट्रॉफी में शानदार खेल दिखाते हुए नजर आए जिसके चलते उन्हें फाइनल स्क्वॉड में जगह मिली। अजिंक्य रहाणे ने 7 मैचों में 634 रन बनाए थे। हाल ही में पूर्व भारतीय दिग्गज खिलाड़ी सुनील गावस्कर ने अजिंक्य रहाणे की टीम में मौजूदगी और WTC फाइनल के प्लेइंग 11 को लेकर बड़ा बयान दिया है।

रणजी ट्रॉफी की वजह से रहाणे को मिली टीम इंडिया में जगह- सुनील गावस्कर

श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ी इस वक्त चोटिल हैं। ऐसे में नंबर-5 की पोजिशिन के लिए अजिंक्य रहाणे से बेहतर बल्लेबाज कोई नहीं हो सकता है। अजिंक्य रहाणे इस वक्त आईपीएल 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए शानदार खेल दिखाते हुए नजर आ रहे हैं। लेकिन सुनील गावस्कर का मानना है कि अजिंक्य रहाणे को आईपीएल के चलते WTC फाइनल स्क्वॉड में नहीं जगह मिली है।

सुनील गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए कहा, ‘भारतीय टीम को एक केवल इस बदलाव की जरूरत थी, टीम को श्रेयस अय्यर के रिप्लेसमेंट की जरूरत थी। जिसके चलते अजिंक्य रहाणे को फाइनल स्क्वॉड में जगह मिली, ना कि आईपीएल में उनके मौजूदा फॉर्म के चलते मिली है। वह रणजी ट्रॉफी में शानदार नजर आए थे, उन्होंने मुंबई के लिए शानदार खेल दिखाया था। अब सवाल यह है कि फाइनल प्लेइंग 11 क्या रहने वाली है? विकेटकीपर के रूप में केएल राहुल रहेंगे या फिर केएस भरत? हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा।’

सुनील गावस्कर ने संभावित प्लेइंग 11 को लेकर बात करते हुए कहा, ‘रोहित शर्मा और शुभमन गिल ओपनिंग करेंगे। चेतेश्वर पुजारा नंबर-3, विराट कोहली नंबर-4, अजिंक्य रहाणे नंबर-5 और केएल राहुल नंबर-6 और विकेटकीपिंग करते हुए भी नजर आएंगे। जिसके बाद रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन रहेंगे। फिर जयदेव उनादकट, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज।’

close whatsapp