‘उसकी अपनी ही लीग चल रही थी’- ऋषभ पंत की शतक पर बोले वीरेंद्र सहवाग
एजबेस्टन टेस्ट की पहली पारी में ऋषभ पंत ने बनाए थे 146 रन।
अद्यतन - Jul 2, 2022 4:59 pm

भारतीय बल्लेबाज ऋषभ पंत ने इंग्लैंड बनाम भारत के बीच चल रहे पुनर्निधारित टेस्ट मुकाबले के पहले दिन शतक जड़कर भारतीय टीम को मजबूत स्थिति पर लाकर खड़ा कर दिया है। बता दें, इन दोनों टीमों के बीच खेले जा रहे इस टेस्ट मुकाबले के पहले दिन भारतीय टीम ने अपने शुरुआती 5 विकेट मात्र 98 रन पर गंवा दिए थे।
इसके बाद ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा के बीच 6वें विकेट के लिए 222 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई थी जिसकी वजह से टीम ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 7 विकेट खोकर 338 रन बना लिए थे। इसी बीच ऋषभ पंत ने अपना पांचवा अंतरराष्ट्रीय शतक भी जड़ा था।
ऋषभ पंत ने 111 गेंदों में 146 रन बनाए थे जिसमें उन्होंने 20 चौके और 4 छक्के जड़े थे। उनका विकेट जो रूट ने अपने नाम किया था। उनकी इस पारी के बाद तमाम फैंस और विशेषज्ञों ने उनकी काफी तारीफ की है। इस लिस्ट में वीरेंद्र सहवाग का नाम भी शामिल है।
पंत अपनी ही दुनिया में रहते हैं: वीरेंद्र सहवाग
सहवाग ने पंत की तारीफ करते हुए एक ट्वीट किया। ट्वीट में उन्होंने लिखा कि, ‘उनकी अलग ही लीग चल रही थी। वो दुनिया के सबसे मनोरंजक क्रिकेटरों में से एक है। ये पारी उनके लिए काफी खास रहने वाली है। इस ट्वीट को देखने के बाद पंत ने अपना जवाब लिखा कि, ‘@virendersehwag भैया बहुत अच्छा लगा। आप दुनिया के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटरों में से एक है।
@virendersehwag bhaiya .. love this. 😂😂 you are one of the greatest and one of the best. 🤗🤗 https://t.co/Qik7FYbKEt
— Rishabh Pant (@RishabhPant17) July 2, 2022
पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद पंत ने अपनी पारी को लेकर कहा कि, ‘मुझे काफी अच्छा लगा कि मैंने इंग्लैंड के खिलाफ यह पारी खेली। मैं हर मुकाबले में अपना 100 प्रतिशत देना चाहता हूं। मेरा सिर्फ यह फोकस रहता है कि मैं अच्छा क्रिकेट खेलूं। बचपन से ही मेरे कोच तारक सर कहते हुए आए हैं कि, ‘तुम गेंद पर प्रहार तो कर सकते हो लेकिन अपने डिफेंस पर भी काम करो।’
पंत ने आगे कहा कि, ‘मैं बस अपने डिफेंस पर काम कर रहा हूं। टेस्ट क्रिकेट में डिफेंस सबसे ज्यादा जरूरी होता है। आप हर गेंद पर प्रहार नहीं सकते हैं। मैं बस यही सोचता हूं कि जिस गेंद पर डिफेंस करना चाहिए मैं उस गेंद पर डिफेंस करूं और जिस गेंद पर शॉट खेलना चाहिए तो उस गेंद पर शॉट खेलूं।’