विराट कोहली को लेकर रवि शास्त्री की बयानबाजी पर भड़के संजय मांजरेकर - क्रिकट्रैकर हिंदी

विराट कोहली को लेकर रवि शास्त्री की बयानबाजी पर भड़के संजय मांजरेकर

रवि शास्त्री ने विराट कोहली के बतौर कप्तान ICC ट्रॉफी न जीत पाने पर कहा था कि सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़ और अनिल कुंबले जैसे खिलाड़ियों ने भी वर्ल्ड कप नहीं जीता है।

Sanjay Manjrekar
Sanjay Manjrekar. (Photo Source: Facebook)

भारत के पूर्व क्रिकेटर और कॉमेंटेटर संजय मांजरेकर टीम इंडिया के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री पर जमकर भड़क गए हैं। मांजरेकर ने शास्त्री पर उनके विराट कोहली के भारतीय टीम की टेस्ट कप्तानी छोड़ने के फैसले को लेकर बयानबाजी पर निशाना साधा है। दरअसल, शास्त्री ने कहा था कि कई लोग कोहली को सबसे सफल टेस्ट कप्तान बनते हुए देखना पचा नहीं पाए।

मांजरेकर का मानना है कि कोहली अभी कम से कम एक-दो साल और भारतीय क्रिकेट टीम के टेस्ट कप्तान बने रह सकते थे। उन्होंने आगे कहा शास्त्री ने जो कुछ कोहली के बारे में कहा है वह ऐसा लग रहा है कि वह किसी एजेंडे के तहत ऐसा कह रहे हैं।

बता दें, विराट कोहली भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान हैं उनकी कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम ने 68 में से 40 मैचों में जीत दर्ज की है। शास्त्री ने कुछ दिनों पहले बयान में कहा कि कुछ लोगों को विराट की सफलता नहीं पचती और उनको यह हजम नहीं होता है वह कैसे टीम इंडिया के सफल कप्तान बन गए।

संजय मांजरेकर ने रवि शास्त्री पर साधा निशाना

शास्त्री के इस बयान पर मांजरेकर ने आक्रोश दिखाते हुए कहा कि पूर्व कोच की बातों से साफ जाहिर हो रहा है कि वह अपना कोई एजेंडा चला रहे हैं। उन्होंने कहा वह इस रवि शास्त्री 2.0 को नहीं जानते हैं।

संजय मांजरेकर ने NEWS18 से कहा, ‘मुझे इसका कोई आइडिया नहीं है। मैं रवि शास्त्री का बहुत बड़ा प्रशंसक था। मैंने उनकी कप्तानी में खेला भी है, वह खिलाड़ियों को सपोर्ट और प्रोत्साहित भी करते हैं। वह बढ़िया फाइटर और सीनियर हैं। लेकिन अभी के रवि शास्त्री में काफी बदलाव है।‘

उन्होंने आगे कहा, ‘मैं इस रवि शास्त्री 2.0 को समझ नहीं पा रहा हूं। पब्लिक में जो वह कहते हैं, वह एक्सपेक्टेड होता है, और वह सबको समझ आता है, लेकिन मैं उस पर प्रतिक्रिया नहीं देता हूं। मैं उनका निरादर नहीं कर रहा हूं, लेकिन वह बहुत बुद्धिमानी और समझदारी वाली बातें नहीं करते हैं। एक सटीक क्रिकेट टिप्पणी में कहूं तो उनकी इस टिप्पणी के पीछे का एजेंडा साफ झलकता है।‘

close whatsapp