विराट कोहली की फॉर्म को लेकर अब एबी डिविलियर्स भी बयानबाजी करने लगे हैं
आईपीएल 2022 में अब तक कोहली ने 10 पारियों में 186 रन बनाए हैं।
अद्यतन - May 4, 2022 2:38 pm

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के पूर्व कप्तान विराट कोहली अपने बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं कर पाए हैं और उनकी टीम भी इस सीजन अच्छे शरुआत के बाद अपना लय खो चुकी है। हालांकि 33 वर्षीय विराट ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपनी आखिरी मैच में अर्धशतक बनाया, लेकिन उन्होंने 58 रन बनाने के लिए 53 गेंदों का सामना किया और इस वजह से अन्य बल्लेबाज दबाव में आ गए।
कोहली इस वक्त मौजूदा समय के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक हैं और इस बीच कई प्रमुख खिलाड़ियों ने उनके निराशाजनक प्रदर्शन पर अपनी राय दी है। इसी क्रम में एबी डिविलियर्स जिन्होंने आरसीबी में कोहली के साथ एक दशक से अधिक समय बिताया है और पूर्व भारतीय कप्तान के साथ एक अच्छा बॉन्ड साझा करने के लिए जाने जाते हैं, उन्होंने भी इस मुद्दे पर अपनी राय रखी है।
आप रातों-रात खराब खिलाड़ी नहीं बन जाते- एबी डिविलियर्स
हिंदुस्तान टाइम्स के हवाले से एबी डिविलियर्स ने कहा कि, “एक बल्लेबाज के रूप में आप खराब फॉर्म से केवल एक या दो पारियां दूर होते हैं। अगर ये आपके पास आता रहता है तो इससे पीछे हटना मुश्किल होता है।” डिविलियर्स ने आगे कहा कि तकनीकी पहलू से ज्यादा ये बात कोहली के दिमाग में बैठ चुका है।
उन्होंने आगे कहा कि, “आपकी असली लड़ाई मन के अंदर है। आप रातों-रात खराब खिलाड़ी नहीं बन जाते। विराट को यह पता होगा और मैं इसे जानता हूं। मुझे लगता है कि यह आपके सोचने और अपना दिमाग लगाने का तरीका है। जब भी आप खेलते हैं तो आपको एक साफ मानसिकता और ताजा उत्साह की आवश्यकता होती है और फिर आप बाहर निकलने का रास्ता खोज सकते हैं।”
अगर आईपीएल 2022 में विराट कोहली के आंकड़ों की बात करें तो उन्होंने अब तक 10 पारियों में 186 रन बनाए हैं जिसमें दो गोल्डन डक शामिल हैं। टूर्नामेंट अब समाप्ति की और बढ़ रहा है, तो आरसीबी के पूर्व कप्तान अपने फॉर्म में लौटना चाहेंगे। हालांकि टूर्नामेंट के कुछ मैचों में उन्हें अच्छी शुरुआत जरूर मिली है लेकिन उसे वो बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर पाए हैं।