एक इंस्टा स्टोरी और बुमराह के आलोचकों की हो गई बोलती बंद
जसप्रीत बुमराह चोटिल होने की वजह से एशिया कप 2022 से भी बाहर थे।
अद्यतन - अक्टूबर 5, 2022 7:07 अपराह्न

भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पीठ की चोट की वजह से टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से बाहर हो चुके हैं। बुमराह के बाहर होने से जाहिर तौर पर टीम इंडिया के फैंस काफी निराश हैं। बता दें, भारतीय टीम इस समय अपनी डेथ गेंदबाजी को लेकर काफी परेशान हैं।
अगर जसप्रीत बुमराह टीम में होते तो शायद टीम की स्थिति कुछ हद तक अच्छी होती लेकिन भारतीय तेज गेंदबाज इस मुख्य टूर्नामेंट में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। तमाम लोग बुमराह की चोट को लेकर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं, इसी के साथ भारतीय तेज गेंदबाज ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के माध्यम से तमाम आलोचकों को करारा जवाब दिया है।
बता दें, जसप्रीत बुमराह चोटिल होने की वजह से एशिया कप 2022 में भी नहीं खेल पाए थे और हाल ही में समाप्त हुई ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज में भी उन्होंने मात्र एक मैच खेला था। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली गई तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज से भी वो बाहर हो गए थे।
इसी को लेकर तमाम लोग उनकी आलोचना कर रहे थे। तमाम लोगों का यही कहना था कि वो अब बस एक फ्रेंचाइजी खिलाड़ी बनकर रह गए हैं। इसी को लेकर भारतीय तेज गेंदबाज में अपने तरीके से इंस्टाग्राम पर इन आलोचकों की बोलती बंद की है।
जसप्रीत बुमराह ने एक स्टोरी साझा की है। यह विंस्टन चर्चिल का एक क्वोट (Quote) है। इसमें लिखा है कि, ‘आप अपनी मंजिल तक कभी नहीं पहुंच पाएंगे अगर आप रुक कर उन कुत्तों के ऊपर पत्थर फेंकेंगे जो आप पर भौंक रहे हैं।’

टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद जसप्रीत बुमराह ने किया ट्वीट
जसप्रीत बुमराह ने इस मुख्य टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद निराशा व्यक्त की। तमाम लोगों को बुमराह की कमी इस टूर्नामेंट में जरूर खलेगी।
टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद जसप्रीत बुमराह ने ट्वीट किया कि, ‘मुझे बहुत गुस्सा आ रहा है कि मैं इस बार टी-20 वर्ल्ड कप का हिस्सा नहीं हूं लेकिन उन तमाम लोगों को शुक्रिया कहना चाहता हूं जिन्होंने मेरा साथ दिया है। मैं जल्द से जल्द ठीक होने की पूरी कोशिश करूंगा और साथ ही भारतीय टीम को इस मुख्य टूर्नामेंट के लिए चीयर भी करूंगा।’