महिला एशिया कप 2022: पूजा वस्त्राकर के विवादित तरीके से रन आउट होने के बाद युवराज सिंह ने अंपायर को लताड़ा
युवराज सिंह ने ट्वीट करते हुए जाहिर की अपनी नाराजगी।
अद्यतन - Oct 2, 2022 1:42 pm

पूर्व भारतीय दिग्गज क्रिकेटर युवराज सिंह ने शनिवार (1 अक्टूबर) को खेले गए महिला एशिया कप 2022 में भारत के शुरुआती मुकाबले में तीसरे अंपायर द्वारा दिए गए विवादास्पद फैसले पर अपनी नाराजगी जताई है।
बता दें, भारतीय टीम महिला एशिया कप 2022 में श्रीलंका के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलने उतरी थी। भले ही भारतीय टीम ने इस मुकाबले को 41 रन से जीत लिया हो लेकिन इस मैच के दौरान तीसरे अंपायर द्वारा एक बहुत ही गलत फैसला लिया गया।
भारतीय टीम की पूजा वस्त्राकर को तीसरे अंपायर द्वारा विवादास्पद तरीके से रन आउट दिया गया। बता दें, जब रन आउट की अपील तीसरे अंपायर के पास गई तब रीप्ले में देखा गया कि पूजा के बल्ले का निचला भाग क्रीज के अंदर पहुंच चुका है और उसके बाद श्रीलंकाई विकेटकीपर अनुष्का संजीवनी ने उनको रन आउट किया है।
तमाम लोगों को यहां तक की कॉमेंटेटर को भी यह लगा कि भारतीय खिलाड़ी नॉटआउट है लेकिन तीसरे अंपायर ने उन्हें आउट करार दिया जिसके बाद सभी लोग स्तब्ध रह गए। इसी आउट की प्रतिक्रिया को लेकर अब युवराज सिंह ने बड़ा बयान दिया है।
यह तीसरे अंपायर द्वारा बहुत ही खराब फैसला लिया गया था: युवराज सिंह
युवराज सिंह ने ट्विटर पर ट्वीट करते हुए कहा कि, ‘यह तीसरे अंपायर द्वारा बहुत ही खराब फैसला लिया गया था। पूजा वस्त्राकर को बेनिफिट ऑफ डाउट (Benefit of Doubt) देना चाहिए था!! #indiavssrilanka #WomensAsiaCup’। बता दें, यह रन आउट भारतीय पारी की दूसरी आखिरी गेंद पर हुआ था।
That’ is such a poor decision by the third umpire ! Should have given pooja vastrakar benefit of doubt !! #indiavssrilanka #WomensAsiaCup
— Yuvraj Singh (@YUVSTRONG12) October 1, 2022
मुकाबले की बात करें तो भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 150 रन बनाए। टीम की ओर से जेमिमा रोड्रिग्स ने 53 गेंदों में 76 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और 1 छक्का जड़ा। उनके अलावा कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 30 गेंदों में 33 रन बनाए।
जवाब में श्रीलंका टीम 109 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से हसिनी परेरा ने 32 गेंदों में तीन चौकों की मदद से सर्वाधिक 30 रन बनाए। भारतीय टीम की ओर से दयालन हेमालथा ने 2.2 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट झटके। भारतीय टीम अब अपना अगला मुकाबला 3 अक्टूबर को इसी मैदान में मलेशिया के खिलाफ खेलेगी।