IPL 2023: युजवेंद्र चहल ने रचा इतिहास, ड्वेन ब्रावो के सबसे बड़े रिकॉर्ड को तोड़ा
इस वक्त कोलकाता के ईडन गार्डन में खेला जा रहा है KKR और RR के बीच मुकाबला।
अद्यतन - मई 11, 2023 8:45 अपराह्न

आईपीएल 2023 का 56वां मैच आज कोलकाता के ईडन गार्डन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया जो अभी तक सही साबित होता हुआ नजर आया है। इसी बीच इस मुकाबले में एक विकेट लेकर राजस्थान के स्पिनर युजवेंद्र चहल ने इतिहास रचा है।
दरअसल इस मैच के शुरू होने से पहले युजवेंद्र चहल को आईपीएल इतिहास का सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बनने के लिए महज एक विकेट की जरूरत थी। उन्होंने अपने स्पेल की दूसरी ही गेंद पर नितीश राणा को आउट कर इतिहास रचा। इस विकेट के साथ ही वो आईपीएल इतिहास के सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए।
युजवेंद्र चहल ने ड्वेन ब्रावो को छोड़ा पीछे
युजवेंद्र चहल से पहले आईपीएल में सबसे अधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व गेंदबाज ड्वेन ब्रावो के नाम था, वहीं इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर मुंबई इंडियंस के गेंदबाज पीयूष चावला का नाम है। इस सीजन गेंद के साथ चहल ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है और अब तक वो 18 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।
बात करें इस मुकाबले की तो अब तक 12 ओवर का खेल हो चुका है जहां पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता की टीम 85 रन बना चुकी है। इस वक्त KKR की ओर से वेंकटेश अय्यर और आंद्रे रसल क्रीज पर मौजूद हैं। KKR की ओर से जेसन रॉय (10), रहमानुल्लाह गुरबाज (18) और नितीश राणा (22) आउट होकर पवेलियन लौट चुके हैं।
दोनों ही टीमों की नजरें प्लेऑफ पर
कोलकाता और राजस्थान के बीच खेला जा रहा ये मुकाबला काफी अहम है। दोनों ही टीमें इस वक्त पॉइंट्स टेबल में 10 अंकों के साथ मौजूद हैं और जो भी टीम इस मुकाबले को जीतेगी उनके लिए यहां से प्लेफऑफ का रास्ता आसान हो जाएगा।