पूर्व दिग्गज भारतीय गेंदबाज ने युजवेंद्र चहल का कोटा पूरा नहीं होने पर खड़े किए सवाल - क्रिकट्रैकर हिंदी

पूर्व दिग्गज भारतीय गेंदबाज ने युजवेंद्र चहल का कोटा पूरा नहीं होने पर खड़े किए सवाल

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में पहले टी-20 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 7 विकेट से मात दी।

Yuzi Chahal (Photo source: Twitter)
Yuzi Chahal (Photo source: Twitter)

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी-20 मुकाबले में मिली हार के बाद भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान का कहना है कि ये ऋषभ पंत के ऊपर था कि वो इस मुकाबले में युजवेंद्र चहल से उनके पूरे 4 ओवर करवाएंगे या नहीं। बता दें, चहल ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी-20 मुकाबले में 2.1 ओवर में 26 रन दिए थे। उनसे मुकाबले का आखिरी ओवर करवाया गया था जब दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए मात्र 4 रनों की जरूरत थी।

क्रिकबज से बात करते हुए जहीर खान ने कहा कि अगर चहल अपने चार ओवर का कोटा पूरा फेंकते तो शायद ये मुकाबला टीम इंडिया के नाम होता। वो शायद मुकाबले के दूसरे हाफ में विकेट चटकाकर टीम को जीत दिला सकते थे।

जहीर खान ने कहा कि, युज़वेंद्र चहल से उनके पूरे ओवर ना करवाना ऋषभ पंत के ऊपर था। वो चाहते तो चहल से उनके पूरे 4 ओवर करवा सकते थे। हालांकि मुकाबले के बाद उन्होंने टीम मैनेजमेंट से और खुद से जरूर बात की होगी कि काश चहल से एक ओवर और करवा देना चाहिए था। हम सबको पता है कि अगर चहल का दिन सही नहीं भी है और वो ज्यादा रन लुटा रहे हैं तो भी वो वापसी जरूर करते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि, अगले मुकाबले में टीम को एक और बल्लेबाज शामिल करना पड़ेगा। शायद अक्षर पटेल के आखिरी ओवर ने ऋषभ पंत को यह संकेत दे दिया होगा कि स्पिन सही मायना नहीं है। लेकिन चहल की बात अलग है।

भारतीय गेंदबाज दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों के ऊपर आखिरी 10 ओवरों में दबाव नहीं डाल पाए थे: जहीर

जहीर खान का मानना है कि भारतीय गेंदबाज दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों के ऊपर आखिरी 10 ओवरों में दबाव नहीं डाल पाए थे। दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों ने रिक्वायर्ड रन रेट को ज्यादा बढ़ने नहीं दिया और इसी वजह से वो इस मुकाबले को आसानी से जीत गए।

जहीर खान ने समझाया कि, दक्षिण अफ्रीका को आखिरी 10 ओवरों में 12.50 के रन रेट की जरूरत थी अगर उनको ये मुकाबला जीतना था। हमें लगा ये बढ़कर 14 या 15 हो जाएगा और इसी के चलते दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज अपना विकेट गंवा बैठेंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। भारतीय गेंदबाज ऐसा करने में नाकाम रहे थे।

बता दें, दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला टी-20 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 7 विकेट से मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 211 रन बनाए थे। लेकिन डेविड मिलर (64*) और रस्सी वैन डेर डूसन (75*) की बेहतरीन बल्लेबाजी के बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने यह मुकाबला 5 गेंद रहते हुए ही जीत लिया।

close whatsapp