11 जून , Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें IPL से
इस खबर में उन घटनाओं का संक्षिप्त विवरण दिया गया है, जिन्होंने आज क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरीं।
अद्यतन - जून 11, 2025 5:09 अपराह्न

1) SA vs AUS, WTC Final 2025: ऑस्ट्रेलिया की खराब शुरुआत, रबाडा ने एक ही ओवर में दिए दो बड़े झटके
साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच 2025 ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला 11 जून से खेला जा रहा है। लॉर्ड्स के मैदान में साउथ अफ्रीका के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना फैसला किया है। टेम्बा बवुमा का यह फैसला सही साबित हुआ और ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआत में दो विकेट गंवा दिए। सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा 20 गेंद खेलने के बाद बिना खाता खोले कगिसो रबाडा का शिकार बने। इसके बाद कैमरन ग्रीन भी 4 रन बनाकर चलते बने। रबाडा ने एक ही ओवर में ऑस्ट्रेलिया को दो झटके दिए। उन्होंने सातवें ओवर की तीसरी गेंद पर उस्मान ख्वाजा को स्लिप में डेविड बेडिंघम के हाथों लपकवाया, जबकि ओवर की आखिरी गेंद पर एडन मार्करम ने स्लिप में कैमरन का शानदार कैच पकड़ा।
2) तो इस वजह से श्रेयस अय्यर को नहीं मिली इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में जगह, गांगुली ने बताई बड़ी वजह
सौरव गांगुली ने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के लिए भारतीय टीम के बारे में खुलकर बात की, जिसमें रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे पूर्व कप्तानों की मौजूदगी नहीं है। दोनों ने आईपीएल 2025 के दौरान टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। इसके अलावा पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष ने इंग्लैंड दौरे के लिए श्रेयस अय्यर को जगह ना मिलने पर भी अपने विचार साझा किए हैं। लेकिन उन्होंने श्रेयस के हालिया प्रदर्शन को देखते हुए टेस्ट टीम में उनकी वापसी की जरूरत पर जोर दिया। गांगुली ने कहा कि अय्यर को गलत तरीके से बाहर नहीं रखा गया है, लेकिन वह जिम्मेदारी लेते हुए दबाव में रन बना रहे हैं।
3) ‘मैंने विनोद कांबली को पार्टी, स्मोकिंग और लड़कियों के पास जाना बंद करने की सलाह दी थी’, पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने किया चौंकाने वाला खुलासा
विनोद कांबली अपने करियर के शुरुआत में कई मुकाम हासिल कर चुके थे। हालांकि, असंगत प्रदर्शन, फिटनेस समस्याएं और विवाद के चलते उनका करियर जल्द खत्म हो गया। पिछले साल उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उनकी हालत ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। इसके बाद कई दिगग्ज ने उन्हें आर्थिक मदद की और स्वास्थ्य में सहायता की। इस बीच पूर्व क्रिकेटर योगराज सिंह ने खुलासा किया है कि उन्होंने कांबली को कुछ सलाह दी थी। इनसाइड स्पोर्ट्स के साथ बातचीत में योगराज सिंह ने कहा कि उन्होंने कांबली से पार्टी, स्मोकिंग और कई चीजें छोड़ने की सलाह दी थी। लेकिन विनोद कांबली ने उनकी बात नहीं मानी और आज संघर्ष कर रहे हैं।
4) IPL फाइनल में मिली हार के लिए पंजाब किंग्स के इस खिलाड़ी ने खुद को बताया जिम्मेदार, बताई सबसे बड़ी गलती
हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में वढेरा से पूछा गया कि क्या फाइनल की दूसरी पारी में पिच बदल गई थी। इस पर उन्होंने पूरी जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि, “मैं इस हार के लिए पूरी तरह खुद को जिम्मेदार मानता हूं। अगर मैं उस वक्त बेहतर खेला होता, तो हम जरूर जीत सकते थे। मैं पिच को दोष नहीं दे सकता, क्योंकि आरसीबी ने उसी पर 190 रन बनाए। मैं गेम को डीप में ले जा रहा था, क्योंकि मुझे लगता है कि मैच को अंत तक ले जाकर खत्म करना चाहिए। लेकिन वह दिन ऐसा था जब मैं इसे फिनिश नहीं कर पाया।”
5) लॉर्ड्स में भारत की वो पहली टेस्ट जीत और दिलीप वेंगसरकर का ऐसा रिकॉर्ड जो 39 साल से कोई तोड़ नहीं पाया
भारत और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट मैच की सीरीज का पहला मुकाबला 20 जून से शुरू होने जा रहा है। भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की तर्ज पर इस सीरीज को तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी का नाम दिया गया है। सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स में होगा। वही लॉर्ड्स जहां भारत ने 1986 में पहली बार टेस्ट जीत हासिल की थी। उस मैच में दिलीप बेंगसरकर ने ऐसा रिकॉर्ड बनाया था जो 39 साल से अब तक नहीं टूटा है।
6) केएल राहुल करेंगे ओपनिंग, शुभमन गिल नंबर…रॉबिन उथप्पा ने चुनी इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय प्लेइंग XI
टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज और मौजूदा एक्सपर्ट रॉबिन उथप्पा ने इंग्लैंड दौरे पर होने वाले पहले टेस्ट के लिए भारतीय प्लेइंग XI का चयन किया है। भारत को 20 जून से इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैच की टेस्ट सीरीज खेलनी है। रोहित शर्मा और विराट कोहली के रिटायरमेंट के बाद यह भारत का पहला टेस्ट होगा, ऐसे में प्लेइंग XI चुनना गौतम गंभीर और नए कप्तान शुभमन गिल के लिए बड़ा टास्क होगा। रॉबिन उथप्पा ने अपनी प्लेइंग XI में यशस्वी जायसवाल का ओपनिंग पार्टनर केएल राहुल को चुना है। वहीं शुभमन गिल को नंबर-3 पर ही रखा है। विराट कोहली की जगह चौथे नंबर पर करुण नायर को रखा है और जसप्रीत बुमराह के साथ दो तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को चुना है।
7) निकोलस पूरन की चमकी किस्मत, रिटायरमेंट के तुरंत बाद बने ‘मुंबई इंडियंस’ की टीम के कप्तान
हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने वाले वेस्टइंडीज के स्टार बल्लेबाज निकोलस पूरन को मेजर लीग क्रिकेट (एमएलसी) के आगामी सत्र के लिये एमआई न्यूयॉर्क का कप्तान बनाया गया है। 29 वर्ष के पूरन ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से विदा ली थी। एमएलसी का पहला सत्र जीतने वाली टीम ने एक्स पर लिखा, ‘‘हमारी टीम का नया कमांडर होगा कप्तान निकोलस पूरन।’’ आईपीएल में मुंबई इंडियंस की मालिक रिलायंस इंडस्ट्रीज की टीम ने लिखा, ‘‘बायें हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में से है। अपने कैरियर के शिखर पर बैठे पूरन टीम को अपनी कप्तानी से नयी ऊंचाइयों तक ले जायेंगे।’’
8) विराट कोहली, स्टीव स्मिथ, केन विलियमसन और जो रूट के बाद कौन होंगे अगले ‘फैब-4’; दो भारतीय लिस्ट में
केन विलियमसन ने ईएसपीएनक्रिकइंफो से बात करते हुए कहा, “मल्टी-फॉर्मेट के मामले में जो खिलाड़ी दिमाग में आते हैं, वे हैं यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, रचिन रवींद्र और हैरी ब्रूक हैं।” इस लिस्ट में पांचवें खिलाड़ी को जोड़ते हुए वह बोले, “और साथ ही, कैमरून ग्रीन। ये सभी बेहतरीन खिलाड़ी हैं और उन्होंने सभी फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन किया है। सभी युवा हैं और उनका खेल अभी निखर रहा है।”
9) वेस्टइंडीज की टेस्ट टीम का हुआ कायाकल्प, नई सीरीज, नया कप्तान और टीम में हुए 7 बदलाव
वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जाने वाली 3 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। कई खिलाड़ियों की छुट्टी टेस्ट टीम से हो गई है और कुछ खिलाड़ियों को पहली बार रेड बॉल टीम में मौका मिला है। कई बदलाव पिछली सीरीज के मुकाबले टीम में देखने को मिले हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज से वेस्टइंडीज की टीम अपने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के नए चक्र की शुरुआत करेगी। 3 मैचों की टेस्ट सीरीज 25 जून से खेली जाएगी।
रोस्टन चेज (कप्तान), जोमेल वारिकन (उप कप्तान), केवलन एंडरसन, क्रैग ब्रैथवेट, जॉन कैंपबेल, कीसी कार्टी, जस्टिन ग्रीव्स, शाई होप, टेविन इमलाच, अल्जारी जोसेफ, शमर जोसेफ, ब्रैंडन किंग, जोहान लेन, मिकाइल लुइस, एंडरसन फिलिप और जेडन सील्स