भारत को 2007 टी-20 वर्ल्ड कप जीताने वाले जोगिंदर शर्मा बने युवक की आत्महत्या का कारण! हरियाणा पुलिस ने दर्ज की FIR
जोगिंदर शर्मा ने इस मामले में किसी भी तरह से शामिल होने से इनकार किया है।
अद्यतन - Jan 5, 2024 9:41 pm

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और हरियाणा पुलिस उपाधीक्षक (DSP) जोगिंदर शर्मा (Joginder Sharma) के खिलाफ कथित तौर पर एक हिसार निवासी की आत्महत्या में शामिल होने के लिए FIR दर्ज की गई है। आपको बता दें, जोगिंदर शर्मा (Joginder Sharma) ने दक्षिण अफ्रीका में 2007 आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में निर्णायक आखिरी ओवर में भारत को खिताबी जीत दिलाई थी।
अब पूर्व भारतीय गेंदबाज हरियाणा पुलिस में DSP के पद पर कार्यरत हैं। इस बीच, जोगिंदर शर्मा (Joginder Sharma) के अलावा, अजयवीर, ईश्वर प्रेम और राजेंद्र सिहाग समेत छह लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में हरियाणा पुलिस द्वारा FIR दर्ज की गई है।
Joginder Sharma के खिलाफ दर्ज की गई FIR
इंडिया टुडे के अनुसार, हिसार के रहने वाले पवन ने प्रॉपर्टी विवाद के चलते 1 जनवरी को फांसी लगा ली थी, और फिर अगले दिन पवन की मां सुनीता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और बताया कि प्रॉपर्टी से जुड़े एक मामले की सुनवाई अदालत में चल रही है, और इसी कारण पुलिस उसके बेटे को परेशान कर रही थी।
यहां पढ़िए: जनवरी 5- Evening न्यूज हेडलाइंस: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से
उन्होंने जोगिंदर शर्मा (Joginder Sharma) समेत छह लोगों पर पवन को परेशान करने का आरोप लगाया, और कहा उन्होंने उसके बेटे को इतना परेशान कर दिया कि उसने आत्महत्या कर ली। इस बीच, पवन के परिवार ने उसके शव के साथ विरोध प्रदर्शन किया और मांग की कि आरोपियों को अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
पीड़ित के परिवार ने रखी छह शर्तें
पवन के परिवार ने हरियाणा पुलिस के सामने अपनी छह मांगें भी रखी हैं, जिनमें परिवार को वित्तीय सहायता और मामले की निष्पक्ष जांच शामिल है। हरियाणा पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि इन आरोपियों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है और जांच के बाद ही SC/ST की धारा लगाई जाएगी।
वहीं, जोगिंदर शर्मा ने इस मामले में किसी भी तरह से शामिल होने से इनकार किया और कहा, “मुझे इस मामले की कोई जानकारी नहीं है। मैं न तो किसी पवन को जानता हूं और ना ही कभी उससे मिला हूं।”